Homeपाकुड़बमबाजी से दहला काकरबोना गांव, छह घायल,घायलों में सात साल की मासूम...
Maqsood Alam
(News Head)

बमबाजी से दहला काकरबोना गांव, छह घायल,घायलों में सात साल की मासूम बच्ची और तीन महिलाएं भी शामिल

समाचार चक्र की खबरें अब Google news पर

क्लिक करें
Gunjan Saha
(Desk Head)

मकसूद आलम/अबुल काशिम की ग्राउंड रिपोर्ट

पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काकरबोना गांव में शनिवार को बमबाजी से पूरा गांव दहल गया। आस-पास के गांव में भी बमबाजी की आवाजें सुनाई दी। एक के बाद एक कम से कम दस बम फोड़े गए। पुरानी रंजिश में हुई घटना में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। घायलों में सात साल की एक मासूम बच्ची और तीन बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया।

घटना दोपहर करीब 2:00 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक पिछले करीब डेढ़ महीना पहले काकरबोना से सटा जामतल्ला गांव में दो पक्षों में किसी बात पर विवाद हुआ था। दो पक्षों में मारपीट भी हुई थी। यह मामला थाना भी पहुंचा था। शनिवार को हुई बमबाजी की घटना इसी विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। घटना में जो लोग घायल हुए हैं, वो सभी बमबाजी करने वाले आरोपियों के विरोधियों के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। यानी जिन लोगों ने बमबाजी की है, उनके विरोधियों के खानदान से ताल्लुकात रखने वालों में है। इधर सूत्रों के मुताबिक बमबाजी करने वाले जामतल्ला गांव के अंजामुल शेख, कौशर शेख, लाकफोड़ शेख, रेसफुल शेख, अशराफुल शेख एवं मोदास शेख झोला में बम लेकर सबसे पहले काकरबोना स्कूल गेट के पास पहुंचे। जहां प्रबंध समिति के अध्यक्ष मिठू शेख पर हमला करने की योजना थी।

बता दें कि मिठू शेख बमबाजी में घायलों के रिश्तेदार हैं। मिठू शेख के स्कूल में नहीं मिलने पर हमलावर बमबाजी करते हुए घायलों के घर पहुंच गए। घर में घुसकर एक के बाद एक कई बम फोड़े। जिसमें घर में सो रही सात साल की मासूम मसबीरा खातून (पिता- बशीर शेख), 45 वर्षीय मरजीना बीवी (पति- रईसुद्दीन शेख), 50 वर्षीय सुकोदा बीवी घायल हो गई। घर के बरामदे में बैठे 22 साल के मुदस्सर शेख (पिता- मजीरुल शेख) भी घायल हो गया। इसी परिवार के दूसरे घर के दरवाजे के पास खड़ी 54 वर्षीय रेनू बीवी भी आंशिक रूप से घायल हो गई। वहीं मस्जिद से नमाज पढ़कर घर के लिए निकले 40 वर्षीय राहिजुल शेख को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा। उन्हें बम से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। अस्पताल पहुंचे काकरबोना स्कूल के प्रबंध समिति अध्यक्ष मिठू शेख ने बताया कि वह पाकुड़ शहर आया हुआ था। घटना की जानकारी दूरभाष पर मिली। मिठू शेख ने बताया कि बमबाजी करने वाले लोग स्कूल गेट पर खड़े थे। मुझे खोज रहे थे और जब मैं नहीं मिला तो घर में जाकर हमला कर दिया। इधर घटना में घायल दर्द से कराह रहे थे। घर में चीख-पुकार मची थी। 

धमाके से मची अफरा-तफरी

घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गया। अचानक एक के बाद एक धमाके से पूरा गांव दहल उठा। दोपहर का वक्त था और ज्यादातर लोग घरों में आराम फरमा रहे थे। आसपास बाहर दुकानों में भी लोग मौजूद थे। धमाके की आवाज से भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद हमलावर भाग निकले। 

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस, एक गिरफ्तार

इधर घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सतीश कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूरे मामले की जानकारी इकट्ठा कर रही है। घटनास्थल पर पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों के पहुंचने की सूचना मिली है। इधर खबर प्रेषण तक एक हमलावर की गिरफ्तारी की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी सतीश कुमार अपनी टीम के साथ अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटे थे। घटना को लेकर पुलिस कागजी कार्रवाई कर रही थी। इधर घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। 

पुलिस अधीक्षक ने कहा

पुलिस अधीक्षक हृदिप पी जनार्दन ने बताया कि एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। घटना में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments