पाकुड़: बम धमाकों से दहला जामतल्ला गांव, दो घायल

दोनों पक्ष से बीस से पच्चीस बम फोड़े गए | दो जिंदा बम बरामद, कई जगहों से बम के अवशेष मिले

0
351

पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत झिकरहटी पूर्वी पंचायत का जामतल्ला गांव एक बार फिर शनिवार को बम धमाकों से दहल उठा। पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर बमबाजी हुई। एक दूसरे के घरों में बम फेंकने की न सिर्फ कोशिश की गई, बल्कि घर के लोगों को निशाना भी बनाया गया। जिससे एक पक्ष के दो युवक घायल हो गए। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक एक के बाद एक कम से कम 20 से 25 बम फोड़े गए। धमाके की आवाज से पूरा गांव दहल उठा। आसपास के लोगों में दहशत और खौफ का माहौल बन गया। लोगों में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान खौफनाक मंजर से खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग एवं महिलाएं ज्यादा डरे सहमे हुए थे। आंगन, छत और दीवारों पर बम धमाके के निशानों से उस दौरान की खौफनाक मंजर का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। आंगन और छत पर फेंके गए जिंदा बम रोंगटे खड़े कर देते हैं। वहीं बमबाजी करते हुए दोनों पक्षों से जमकर ईंट पत्थर भी चलाएं गए। घर के छत, आंगन और सड़क पर बिखरे पड़े ईंट और पत्थर खौफनाक मंजर की वो तस्वीरें हैं, जो किसी भी सोचने पर मजबूर कर दे। मिली जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे के आसपास की है। वहीं सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीपीओ प्रदीप उरांव भी पहुंचे थे। पुलिस को घर के आंगन, छत और दीवारों पर कई जगहों पर बम के निशान मिले हैं।

विज्ञापन

add

वहीं मस्जिद के ठीक पास स्थित निजामुद्दीन के घर से दो जिंदा बम बरामद किए गए हैं। आंगन में पुआल पर पड़ा एक तथा खपरैल के छत पर एक यानी कुल दो जिंदा बम मिले हैं। पुलिस ने दोनों जिंदा बम और जगह-जगह बिखरे पड़े देसी बम के अवशेषों को भी बरामद कर थाना लाई है। निजामुद्दीन के घर में मिले जिंदा बम को लेकर घर में मौजूद महिलाओं ने पुलिस को बताया कि गांव के ही अंजामुल ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बम फेंका है। हालांकि निजामुद्दीन के घर के किसी भी व्यक्ति को बम से कोई नुकसान तो नहीं पहुंचा है, लेकिन घर के खपरैल और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुए है। इधर घटना में घायल 22 वर्षीय तारीकुल शेख और 17 वर्षीय रॉयल शेख के घर में मौजूद महिलाओं का कहना है कि सफीकुल शेख, भोला शेख, आजाद शेख, जालिम शेख सहित अन्य लोगों ने बम से दोनों को घायल कर दिया है। महिलाओं ने बताया कि गांव में जलसा है। तारिकुल शेख और रॉयल शेख मेहमानों को लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान बम से हमला कर दिया। वहीं घटना के बाद दोनों ही पक्ष के पुरुष सदस्य घर से गायब थे। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। एसडीपीओ प्रदीप उरांव ने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। इसमें जो भी लोग शामिल होंगे, उनकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

विज्ञापन

polytechnic
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here