Homeपाकुड़मुंबई से लौटा दामाद बना खूनी,पत्नी और सास का गला रेतकर फरार
Maqsood Alam
(News Head)

मुंबई से लौटा दामाद बना खूनी,पत्नी और सास का गला रेतकर फरार

समाचार चक्र संवाददाता

लिट्टीपाड़ा- थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक दामाद ने अपनी ही पत्नी और सास की धारदार चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इस दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मेंजा बेवा और उनकी 21 वर्षीय पुत्री गुलचेहरा बीवी के रूप में हुई है। घटना का मुख्य आरोपी एब्रास अंसारी बताया जा रहा है,जो मृतका गुलचेहरा का पति है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,लगभग छह वर्ष पूर्व गुलचेहरा की शादी बिचामहल गांव निवासी एब्रास अंसारी से हुई थी। विवाह के बाद से ही एब्रास अपनी ससुराल में घर-जमाई के रूप में रह रहा था। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं,जिनमें सबसे बड़ी बेटी करीब छह वर्ष की है, जबकि सबसे छोटा बेटा महज ढाई से तीन माह का है।बताया जाता है कि एब्रास अंसारी मुंबई की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था और बुधवार की शाम ही मुंबई से घर लौटा था। रात में परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह पत्नी और नवजात बेटे के साथ कमरे में सोने चला गया। देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ,जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।आरोप है कि गुस्से में एब्रास ने चाकू से पत्नी गुलचेहरा का गला रेत दिया। पत्नी की चीख सुनकर बचाने पहुंचीं उसकी मां मेंजा बेवा पर भी उसने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।इस खौफनाक वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मासूम बच्चों ने अपनी मां और नानी की हत्या अपनी आंखों के सामने होते देखी।हत्या के बाद आरोपी घर में रखे पत्नी के आधार कार्ड,बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया।देर रात मृतका की छह वर्षीय बेटी किसी तरह पड़ोसी के घर पहुंची और रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी।सूचना मिलने पर लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।यह दोहरा हत्याकांड पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ही रात में दो महिलाओं की निर्मम हत्या और मासूम बच्चों के सिर से मां व नानी का साया उठ जाने से गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments