अबुल काशिम@समाचार चक्र
पाकुड़-एक शिक्षक… जिसके हाथों में बच्चों का भविष्य संवरना था। जिसकी राह रोज स्कूल के मासूम बच्चें देखते थे। लेकिन वही शिक्षक अब कथित तौर पर जाली नोटों के कारोबार के आरोप में असम पुलिस की गिरफ्त में है। इस खबर ने पाकुड़ जिले को झकझोर कर रख दिया है। सदर प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय केतकापाड़ा के सहायक अध्यापक गुलाब शेख की असम पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की खबर इन दिनों पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। इधर इस मामले की आधिकारिक पुष्टि पाकुड़ पुलिस की ओर से हुई है। वहीं असम पुलिस की कार्रवाई, सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें और मीडिया रिपोर्टों ने पूरे घटनाक्रम को सुर्खियों में ला दिया है।
स्कूल में खाली कुर्सी, बच्चों की निगाहें दरवाजे पर
केतकापाड़ा विद्यालय में शिक्षक की कुर्सी पिछले एक महीने से खाली है। बच्चे आज भी यह सोचकर स्कूल आते हैं कि शायद आज “गुरुजी” लौट आएंगे। मगर दूसरी ओर वायरल तस्वीरों में वही शिक्षक असम पुलिस की गिरफ्त में दिखाई दे रहे हैं। यह विरोधाभास पूरे इलाके में चर्चा और हैरानी का कारण बना हुआ है। हालांकि शिक्षक गुलाब शेख के द्वारा 1 अप्रैल को इलाज के नाम पर छुट्टी लिए जाने के बाद दूसरे स्कूल से एक अन्य शिक्षक लुत्फल हक को प्रतिनियुक्त किया गया है।
कामाख्या स्टेशन पर हुई कार्रवाई
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, असम के गुवाहाटी स्थित कामाख्या रेलवे जंक्शन पर पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान 7 लाख 37 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए। इस मामले में पाकुड़ निवासी गुलाब शेख और दयाल दास को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों जाली नोट झारखंड में खपाने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपी का पता पाकुड़, झारखंड दर्ज होने से जिले में भी हलचल मच गई है।
शिक्षक गुलाब ने पत्नी के इलाज का हवाला देकर ली थी छुट्टी
विद्यालय और शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुलाब शेख ने 1 जुलाई से पत्नी के इलाज के लिए बाहर जाने की बात कहकर अवकाश लिया था। इसके बाद से वह विद्यालय नहीं लौटे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसी दिन से उनका मोबाइल फोन भी बंद है और किसी से संपर्क नहीं हो पाया।
अब शिक्षा विभाग भी करेगा कार्रवाई
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) सुमिता मरांडी ने बताया कि शिक्षक ने पत्नी के इलाज के लिए बाहर जाने का आवेदन देकर छुट्टी ली थी। अब पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने क्या कहा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि असम पुलिस की ओर से सूचना दी गई है कि पाकुड़ के दो व्यक्ति दयाल दास और एक सहायक अध्यापक गुलाब शेख को जाली नोट मामले में गिरफ्तार किया गया है।
सवाल कई, जवाब का इंतजार
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एक शिक्षक वास्तव में जाली नोटों के नेटवर्क का हिस्सा था या जांच में कोई नया मोड़ सामने आएगा?इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिलेगा। लेकिन इतना तय है कि जिस शिक्षक से समाज बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद करता है, उसका नाम ऐसे गंभीर आरोपों में सामने आना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।
शिक्षा विभाग अंजान, लोग हैरान
इस पूरे घटनाक्रम से शिक्षा विभाग पूरी तरह अनजान रहा। जिससे शिक्षा विभाग पर सवाल उठ रहे हैं। एक शिक्षक महिने से स्कूल नहीं आ रहे है और विभाग पूरी तरह अनजान बैठा है। यह बात हैरान करने वाला है।

