समाचार चक्र संवाददाता
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)।दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल के बीच शनिवार शाम उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह अमड़ापाड़ा स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मां दुर्गा के समक्ष मत्था टेककर जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में बने आकर्षक पंडाल, पूजा व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।डीसी और एसपी ने दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर परिसर में निर्मित सुसज्जित पंडाल की सराहना करते हुए सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के प्रयासों को सराहा। अधिकारियों ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा मानकों और मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शिव मंदिर क्षेत्र के सीढ़ी घाट का भी निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने समिति के सुव्यवस्थित आयोजन की प्रशंसा करते हुए श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से दुर्गापूजा का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से महिला सुरक्षा पर सतर्क नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान प्रशासन सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर तत्पर है।मौके पर जिला निबंधन पदाधिकारी विकास त्रिवेदी भी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डीसी और एसपी को पुष्पगुच्छ व मां की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बबलू भगत,नारायण भगत,संजय भगत, कार्तिक रजक,सरोज मंडल,दशरथ भगत और राहुल भगत सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
विज्ञापन

