समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। इंसान का इंसान से हो भाईचारा, यही पैगाम हमारा…। यह वाक्य पाकुड़ जिले के युवा और ऊर्जावान डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार के लिए है। जिन्होंने आम लोगों के बीच पहुंच कर माहौल को खुशनुमा बना दिया और लोगों का दिल जीतने का काम किया। लोगों में भाईचारा का संदेश पहुंचाया और उन्हें पुख्ता सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। पवित्र माहे रमजान के दूसरे जुम्मे की नमाज शुक्रवार को उसी दिन अदा करना था, जिस दिन भाईचारा का प्रतीक होली का त्योहार भी मनाना था। पूरे देश में इस दिन को लेकर तरह-तरह की अटकलें चल रही थी। आपसी सौहार्द्र और भाईचारा पर खतरा बताया जा रहा था। माहौल बिगड़ने की प्रबल संभावना से लेकर ना जाने क्या क्या बातें कही जा रही थी। लेकिन डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार के पहल से पाकुड़ में यह दिन सौहार्द का मिसाल बन गया। शांत जिले के रूप में अपनी पहचान बना चुकी पाकुड़ में डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस खबर की शुरुआत जिन शब्दों के की गई, उसी सोच के साथ डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार ने जिस अंदाज में गांव-गांव में घूम-घूम कर लोगों से मिलकर अमन और शांति का पैगाम दिया, वह मिसाल बन गया। दरअसल शुक्रवार को डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार स्वयं ही अमन और शांति का पैगाम लेकर लोगों से मिलने निकल पड़े। लोगों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। मस्जिदों में नमाज अदायगी में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका जायजा लिया। मस्जिदों में जुम्मे की नमाज अदा कर निकल रहे रोजेदार नमाजियों से मिले, उन्हें गले लगाया। पवित्र माहे रमजान और ईद की भी अग्रिम बधाई दी। लोगों को भाईचारा बनाए रखने की अपील की। शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने में सहयोग का अनुरोध किया। इस दौरान डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार के चेहरे पर मुस्कान खिली थी। जिसे देखकर रोजेदार नमाजियों के चेहरे भी खिल उठे। इस दौरान हंसी ठिठोली भी हुई, जिससे माहौल पुरी तरह खुशनुमा हो गया। इसी दौरान रास्ते में होली मना रहे लोगों से मिलकर उन्हें भी बधाई दी और शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की। इसी दौरान दोनों समुदाय के लोगों से आपसी भाईचारा के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए अफवाहों से बचने का अनुरोध किया। किसी भी तरह के अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को कहा। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी तरह की गड़बड़ी होने पर प्रशासन को तुरंत सूचना देने को कहा। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आज और कल दो दिन होली मनाने की सूचना है। आज शुक्रवार को जुम्मे की नमाज भी थी। इसलिए घूम-घूम कर स्थिति का जायजा लिया गया। बहुत ही खुशी की बात है कि लोग शांतिपूर्वक तरीके से पर्व मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो सेंसिटिव एरिया है, वहां पर नजर बनाए हुए हैं। उन जगहों पर सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से भी लगातार स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। शनिवार को भी होली मनाया जाएगा। मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि इसी तरह शांतिपूर्वक तरीके से भाईचारे के साथ होली मनाएं। एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जुम्मे की नमाज और होली का पर्व को देखते हुए लगातार सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की जा रही है। आज घूम-घूम कर स्थिति का जायजा लिया गया। किसी भी तरह के अप्रिय घटना की गुंजाइश अभी तक नहीं रहा है। पुलिस असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही है। यह देखकर बड़ी खुशी होती है कि लोग बहुत ही अच्छे तरीके से और शांतिपूर्ण माहौल में अपने-अपने पर्व मना रहे हैं।
