विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। ई-केवाईसी के नाम पर गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं से अवैध वसूली कर रहे हैं। ई-केवाईसी के बहाने उपभोक्ताओं से जबरन पैसे लिए जा रहे हैं। बिना जरुरत के ही उपभोक्ताओं को गैस पाइप थमा दे रहे हैं। इसका मनमाना कीमत भी ले रहे हैं। यह आरोप कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया स्टेट कॉर्डिनेटर नलिन मिश्रा ने लगाया है। उन्होंने गैस एजेंसियों पर ई-केवाईसी के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई गैस एजेंसियों द्वारा ई-केवाईसी के बहाने उपभोक्ताओं से जबरन पैसे लिए जा रहे हैं, जो पूरी तरह गलत और उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को गैस पाइप की जरूरत नहीं है, उन्हें भी एजेंसी की ओर से जबरन पाइप थमाया जा रहा है और उसके बदले राशि वसूली जा रही है। इससे आम उपभोक्ता आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने भी इस संबंध में नाराजगी जताई है। नलिन मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया को लेकर एजेंसियों द्वारा गलत जानकारी देकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी गैस एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं का शोषण बंद नहीं हुआ तो इस मुद्दे को लेकर वरीय अधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन


