Homeपाकुड़झामुमो नेता पंकज मिश्रा से मिली नप अध्यक्ष शबरी पाल, चर्चाओं का...
Maqsood Alam
(News Head)

झामुमो नेता पंकज मिश्रा से मिली नप अध्यक्ष शबरी पाल, चर्चाओं का बाजार गर्म

अबुल काशिम@समाचार चक्र
पाकुड़। नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल एवं उपाध्यक्ष राणा ओझा ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता पंकज मिश्रा से मुलाकात की। यह मुलाकात पंकज मिश्रा के साहिबगंज जिला स्थित आवास पर हुई। नप अध्यक्ष शबरी पाल एवं उपाध्यक्ष राणा ओझा ने पंकज मिश्रा को गुलदस्ता भेंट किया। झामुमो प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल एवं उपाध्यक्ष राणा ओझा को चुनाव में जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। नप अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की झामुमो नेता पंकज मिश्रा से यह एक शिष्टाचार मुलाकात बताई जा रही है। इस दौरान शहर के विकास पर चर्चा की बात भी कही जा रही है। वहीं इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा पार्टी के एक कद्दावर नेता हैं। जबकि नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रही है। ऐसे में यह मुलाकात चर्चाओं का विषय बन गया है। यह मुलाकात इसलिए भी चर्चाओं में हैं, कि नगर परिषद चुनाव में शबरी पाल बीजेपी नेतृत्व के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरी और पूरे चुनाव में उनका बागी तेवर चर्चाओं में बना रहा। यूं तो यह चुनाव पार्टी आधार पर नहीं था, लेकिन प्रमुख राजनीतिक दलों की खुलकर एंट्री जरुर रही। कांग्रेस ने जहां अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी मोनिता कुमारी को खुलकर समर्थन दिया, वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शेख सेलिना सुल्ताना को अध्यक्ष पद पर समर्थन दिया और प्रचार में भी उतरे। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष पद पर संपा साह को समर्थन देने का ना सिर्फ घोषणा की, बल्कि बाबूलाल मरांडी और निशिकांत दुबे जैसे बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने पाकुड़ आकर समर्थन में प्रचार किया। इस पूरे चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा साह और बागी शबरी पाल ने लोगों का ध्यान खींचा। अंत में जीत भाजपा की बागी शबरी पाल की हुई। पार्टी से बगावत करने का नतीजा यह हुआ कि पार्टी ने शबरी पाल को शो-कॉज तक कर दिया। वहीं जीत के बाद से ही शबरी पाल की आगे की राजनीतिक भविष्य को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई। इधर झामुमो नेता पंकज मिश्रा से मुलाकात की तस्वीर और खबरें आने के बाद एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्मा गया है।

शहर के विकास को लेकर हुई बातचीत, राजनीति से कोई वास्ता नहीं- शबरी पाल

इधर नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने दूरभाष पर पूछे जाने पर बताया कि पंकज मिश्रा जी से यह मुलाकात सिर्फ और सिर्फ पाकुड़ शहर के विकास को लेकर थी। शहर के विकास को लेकर ही बातचीत हुई और हमारी बातचीत काफी सकारात्मक रही। शबरी पाल ने कहा कि मेरा उद्देश्य शहर का विकास ही है। इसलिए हमें जिनसे भी उम्मीद रहेगी और जहां लगेगा, हम जाएंगे। इस मुलाकात से राजनीति का कोई वास्ता नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments