Homeपाकुड़बंगाल के कल्चर को नहीं जानती बीजेपी,नफरत नहीं भाईचारा यहां की खुबसूरती-...
Maqsood Alam
(News Head)

बंगाल के कल्चर को नहीं जानती बीजेपी,नफरत नहीं भाईचारा यहां की खुबसूरती- इरफान अंसारी

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़। पश्चिम बंगाल के कल्चर को भारतीय जनता पार्टी नहीं जानती है। यहां नफरत बिल्कुल भी नहीं चलेगा। भाईचारा ही बंगाल की खूबसूरती है। इसलिए मोदी, शाह और योगी जी बंगाल में नफरत फैलाने का काम ना करें। यह बातें झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को सर्किट हाउस में कही। मंत्री इरफान अंसारी मीडिया कर्मियों को संबोधित कर रहे थे। बता दें कि मंत्री इरफान अंसारी पाकुड़ सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनावी सभा में हिस्सा लेने जा रहे थे। इस दौरान सर्किट हाउस में विश्राम के लिए रुके। मंत्री अंसारी मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब दे रहे थे। इरफान अंसारी के साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता और झारखंड प्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद थे। पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब में इरफान अंसारी ने कहा कि बंगाल में बदलाव का साफ संकेत दिख रहा है। पश्चिम बंगाल के लोग कांग्रेस के जमाने को याद कर रहे हैं और सत्ता में लाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि गर्व की बात है कि राहुल गांधी जी आज बंगाल में आ रहे हैं। इसको लेकर जनता में खासा उत्साह है। यही उत्साह बंगाल में बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि बंगाल में हमारी लड़ाई तृणमूल कांग्रेस के साथ है, बीजेपी बंगाल में कहीं नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी बंगाल आए और नफरत की बात कर चले गए। मोदी और शाह जी भी नफरत फैलाने की बात कर रहे हैं। लेकिन बीजेपी वाले बंगाल के कल्चर को नहीं जानते। यहां के लोग भाईचारा के साथ रहना पसंद करते हैं। पश्चिम बंगाल में सड़क पर पूजा पंडाल बनते हैं, इससे किसी को कोई आपत्ति नहीं रहती है। नमाज भी सड़क पर होती है तो किसी को कोई आपत्ति नहीं रहती है। दुर्गा पूजा में मां का आशीर्वाद लेने सब जाते हैं। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि नफरत की राजनीति भाजपा को महंगी पड़ेगी। बिना कांग्रेस के बंगाल में सरकार बनाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भाजपा आस्था के नाम पर सत्ता में आई है। यह ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली है। मंत्री इरफान अंसारी ने एसआईआर में बंगाल के लाखों लोगों के नाम काटे जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि खासकर जो युवा वर्ग हैं, उनके लिए काफी चिंता का विषय है। देश और राज्य के विकास में युवाओं की सबसे बड़ी भागीदारी होती है। इस तरह मतदाता सूची से नाम काट देना, कहीं ना कहीं चिंता का विषय जरुर है। इस दौरान कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि असम में भी हमारी सरकार बन रही है। कहा कि चुनाव के बाद वहां के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व सरमा की बौखलाहट हार के डर को साफ दर्शाता है। जिस तरह अनाप-शनाप बयान बाजी कर रहे हैं, कहीं ना कहीं हिमंता विश्व सरमा डरे हुए हैं। लगातार नफरती भाषणों से डरा कर वोट लेने की राजनीति करने वाले हिमंता विश्व सरमा की हार निश्चित है। असम की जनता नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने वाले राहुल गांधी जी के साथ खड़े हैं। असम और पश्चिम बंगाल ही नहीं, केरल और दूसरे प्रदेशों में भी कांग्रेस का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments