विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। सदर अंचल के ईलामी पंचायत के मध्य टोला में शनिवार की देर रात सेहरी के लिए भोजन बनाने के दौरान एक घर में भीषण आग लग गई। जिससे घर पूरी तरह से जलकर राख हो गया। आग इतकी भयावह थी कि घर में रखे सारे सामान जलकर बर्बाद हो गए और एक भी सामान नहीं बचा। पूरा परिवार सड़क पर आ गया है। घर में रख खाने के सामानों में दाल, चावल सहित अन्य राशन, फसल सबकुछ जल गया। पहनने के कपड़े, सोने के लिए बिस्तर, खटिया, पलंग और भोजन बनाने के बर्तन भी जलकर बर्बाद हो गए। इतना ही नहीं आग लगने से घर में रखें कम से कम 30 से 35 हजार रुपए भी जल गए। इसके अलावा कुछ जेवर भी जल गए, जो घटना के बाद से नहीं मिल रहा है। हालांकि किस्मत अच्छी रही कि पूरा परिवार आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। जिस वक्त घटना हुई उस वक्त घर के सदस्य सोए हुए थे। किसी तरह भाग कर सभी ने जान बचाई। मकान मालिक युसूफ शेख ने बताया कि रमजान का महीना चल रहा है और घर में रोजेदारों के लिए सेहरी के लिए भोजन बनाने के दौरान घटना घटी है। पत्नी भोजन बनाने के लिए गैस चूल्हा जला रही थी। तभी अचानक से आग भड़क उठी। इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। एक भी सामान नहीं बचा है। जिससे मेरा पूरा परिवार सड़क पर आ गया है। उन्होंने कहा कि किस्मत अच्छी रही कि घटना में परिवार के किसी सदस्य को शारीरिक रूप से नुकसान नहीं पहुंचा। जिस तरह से अचानक ही पल भर में आग ने पूरे घर को आगोश में ले लिया, उससे हमें शारीरिक रूप से भी बड़ा नुकसान होने का खतरा था। अल्लाह ताला का शुक्र है कि घर के सारे सदस्य आग के चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। मकान मालिक युसूफ शेख की पत्नी आसनारा बीवी ने बताया कि रात करीब 2:00 बजे सेहरी में भोजन बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने गई, तभी अचानक से आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया। आस-पास के लोग हल्ला सुनकर दौड़े-दौड़े आए और आग को बुझाने लगे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक सब-कुछ जलकर खाक हो चुका था। इधर घटना की खबर मिलते ही मुखिया अब्दुस समद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना का जायजा लिया और परिवारों से जानकारी ली। मुखिया अब्दुस समद ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अंचल कार्यालय के अधिकारियों से भी बात की और सरकारी मदद के लिए अनुरोध किया। मुखिया अब्दुस समद ने पीड़ित परिवार को तत्काल व्यक्तिगत रूप से आर्थिक मदद भी पहुंचाई। उन्होंने कहा कि घटना में लाखों का नुकसान हुआ है। मैंने अंचल कार्यालय से बात की है और अपने स्तर से सहयोग किया है। आगे सरकारी प्रावधान के मुताबिक जो भी सहयोग होगा, इसके लिए मैं खुद पहल करूंगा। मुखिया ने कहा कि घटना की जानकारी स्थानीय विधायक को भी दी गई है।
विज्ञापन



