समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। फेस संस्था की ओर से बालिका शिक्षण केंद्र की छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से गुरुवार को शहरकोल में समारोह का आयोजन किया गया। आयोजित समारोह का नाम आगाज दिया गया। पूरे कार्यक्रम में बच्चियों को उच्च शिक्षा हासिल करने और उज्जवल भविष्य के लिए खुद को तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके लिए हौंसला, मेहनत अनुशासन और अच्छी संगत पर विशेष रूप से जोर दिया गया। आई इंपैक्ट संस्था के माध्यम से अजीम प्रेमजी फिलैंथ्रोपिक इनिशिएटिव के द्वारा प्रायोजित बालिका शिक्षक परियोजना के तहत कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार, डीडीसी महेश कुमार संथालिया, समाजसेवी लुत्फल हक, डीएवी के प्राचार्य डॉ विश्वजीत चक्रवर्ती, आई इम्पैक्ट की प्रीति मुंजाल तथा फेस की सचिव रितु पांडेय ने शिक्षण केंद्र की बच्ची संग संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने फेस के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की और बच्चियों को उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने बच्चियों को प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से खुद को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने बच्चियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए खुद को मजबूती से तैयार करना होगा। अपने बेहतर भविष्य के लिए लगन और हौंसला के साथ अनुशासन जरूरी है। इसके साथ-साथ आपकी संगति भी आपके भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि संगति का प्रभाव मानव जीवन पर बहुत गहरा होता है। अच्छी संगति व्यक्ति को महान बनाती है। जबकि बुरी संगति उसका पतन करती है। अच्छी संगति व्यक्ति को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करती है। जिससे उसका व्यक्तित्व निखरता है। अच्छे लोगों के साथ रहने से व्यक्ति की सोच सकारात्मक होती है और वह हमेशा कुछ अच्छा करने के लिए प्रेरित होता है। अच्छी संगति व्यक्ति को सफलता की ओर ले जाती है, क्योंकि वह हमेशा सही मार्गदर्शन और प्रेरणा प्राप्त करता है। अच्छी संगति व्यक्ति में आत्मविश्वास पैदा करती है और उसे कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति देती है।


पेड़ लगाने के लिए किया प्रेरित
उपायुक्त मनीष कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद सभी से पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मां के नाम एक पेड़ के स्लोगन को दोहराते हुए बेटी के नाम एक पेड़ लगाने का भी आग्रह किया। उपायुक्त ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम लगाएं, जिन्होंने आपको छांव दिया और एक पेड़ बेटी के नाम लगाएं, जिन्हें आप छांव देना चाहते हैं। आयोजित कार्यक्रम को डीडीसी महेश कुमार संथालिया ने भी संबोधित किया और बच्चियों को आशीर्वाद दिया।

अच्छी शिक्षा को आधार बनाकर उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना मुख्य उद्देश्य- रितु पांडेय
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फेस संस्था की सचिव रितु पांडेय ने कहा कि बच्चियों को अच्छी शिक्षा का आधार देकर उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना फेस संस्था का लक्ष्य रहा है। इस लक्ष्य को धीरे-धीरे हासिल भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के महत्व को समाज और समुदाय समझ रही है और यही हमारी उपलब्धि है। फेस आगे भी इस प्रयास को जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि फेस के द्वारा आई इंपैक्ट तथा एपीपीआई के सहयोग से बालिका शिक्षा परियोजना का सफर साल 2014 से शुरू हुआ था। पाकुड़ जैसे पिछड़े जिले के लिए बालिका शिक्षा एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन फेस ने उन सारी चुनौतियों को स्वीकारा और लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ता गया।

अतिथियों का भव्य स्वागत, किया गया सम्मानित
अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार, डीडीसी महेश कुमार संथालिया, समाजसेवी लुत्फल हक, डीएवी के प्राचार्य डॉ विश्वजीत चक्रवर्ती, आई इम्पैक्ट की प्रीति मुंजाल का भव्य स्वागत किया गया। अतिथियों के स्वागत में बच्चियों ने नृत्य व गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद फेस की सचिव रितु पांडेय ने सभी अतिथियों को मोमेंटो, गुलदस्ता व उपहार के साथ शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
बच्चियों ने लगाया विज्ञान प्रदर्शनी
आयोजित कार्यक्रम में फेस के द्वारा संचालित 19 शिक्षण केंद्र की छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी लगाया। अलग-अलग स्टॉल में छात्राओं ने विज्ञान एवं गणित के ज्ञानवर्धक मॉडल का प्रदर्शनी लगाया। इनमें जल चक्र, पवन चक्की, जल परिशोध, प्रदूषण सहित विभिन्न मॉडल का प्रदर्शनी शामिल था।
उपायुक्त ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन
उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्रों के द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं से अपने निर्मित मॉडल के बारे में जानकारी ली। जिसका छात्राओं ने बेहद ही आत्मविश्वास के साथ उपायुक्त को मॉडल के बारे में बताया। जिससे उपायुक्त मनीष कुमार काफी प्रभावित हुए और छात्राओं की प्रशंसा की।
नाटक का मंचन व नृत्य गायन से छात्राओं ने किया मंत्रमुग्ध
आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर नाटक का मंचन कर अतिथि और मौजूद तमाम दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं छात्राओं ने नृत्य और गायन की प्रस्तुति देकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान छात्राओं ने नाटक के जरिए समाज में बाल विवाह के दुष्परिणाम और उसे रोकने का संदेश दिया। नृत्य और गायन के जरिए शांत और स्वच्छ वातावरण का पैगाम भी दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इन्होंने निभाई अहम भूमिका
आयोजित कार्यक्रम के सफल संचालन में स्वयं फेस की सचिव रितु पांडेय काफी सक्रिय दिखी। उनके साथ टीम में शामिल महबूब आलम, अशोक मंडल, शहादत हुसैन, मो. रिजवान, देवज्योति बनर्जी, अजीजुर रहमान आदि ने अहम भूमिका निभाया। प्रिया कुमारी एवं हिना ने मंच का बेबाक अंदाज में संचालन किया।