समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम मंगलवार को पाकुड़ पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनकी समस्याओं से अवगत हुए। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में भी शामिल हुए। प्रदेश महासचिव तनवीर आलम ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिया। एक भी वैध मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जरूरी टिप्स दिया। तनवीर आलम ने कहा कि हर पंचायत में पार्टी की कमेटी है। इस कमेटी के अलावा 12 सदस्यों का एक स्पेशल टीम बनेगी। जिसमें पार्टी की ओर से एक बीएलए होंगे। जिसका मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्य में अहम रोल होगा। बीएलए का दायित्व मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने पर नजर रखने की होगी। अगर कोई भी असमंजस की बात आती है या गलत तरीके से नाम हटाने की बात सामने आती है, तो कमेटी के शेष सदस्यों को जानकारी देंगे। इसके बाद सभी सदस्य वहां पहुंचकर मतदाता सूची में हो रही गलती का शांतिपूर्वक तरीके से नियम अनुसार विरोध दर्ज कराएंगे। इसके अलावा पार्टी के मंडल कमेटी भी बनेंगे।


मंडल कमेटी में भी 12 सदस्यों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बिहार में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण का मिसाल देते हुए कहा कि आज बिहार में गलत तरीके से मतदाताओं का नाम हटाया जा रहा है। जिन्होंने बिहार को अपना माना, बिहार में जन्म लिया, जिनके बिहार में सब कुछ मौजूद है, इसके बाद भी उनके नाम हटाए जा रहे हैं। अगर कोई मतदाता बाहर है और विशेष परिस्थिति में वह मतदाता सूची पुनरीक्षण में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, तो क्या उनका नाम हटा दिया जाएगा। इससे हमें सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मतदाता सूची विशेष प्रशिक्षण से बीजेपी को फायदा पहुंचेगा। इसलिए जो भी टीम के सदस्य होंगे, उन्हें हमेशा एक्टिव रहना होगा। इस मौके पर प्रभारी अशोक दास, जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मंसारुल हक, हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोवर आलम, जिला महासचिव अर्धेंदु शेखर गांगुली, युवा जिलाध्यक्ष बिलाल शेख, सोशल मीडिया चेयरमैन पियारूल इस्लाम, नसीम आलम, अंसारुल हक, जलालुद्दीन शेख, महिला जिला अध्यक्ष शाहनाज बीवी आदि मौजूद थे।
