विज्ञापन

ललन झा@समाचार चक्र
अमड़ापाड़ा। राज्य सरकार के खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अवर सचिव के आदेश की यहां धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि विगत 1 जून 2026 को सचिव द्वारा जारी और विभागीय मंत्री द्वारा अनुमोदित पत्रादेश में यह स्पष्ट उल्लेख है कि (एजीएम) सहायक गोदाम प्रबंधक के अतिरिक्त प्रभार में कार्यरत जिला कर्मी अथवा कनिय सरकारी कर्मी यथा-भीएलडब्लू या जनसेवक को अपना चार्ज पदस्थापित एमओ अथवा बीएसओ को हस्तांतरित कर देना है। इस आशय के पत्र की प्रतिलिपि प्रबंध निदेशक, राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड रांची, निदेशक खाद्य एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय रांची, सभी उपायुक्त, सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी इत्यादि को सूचनार्थ व आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई थी। जानकारी यह भी मिली है कि उपायुक्त ने इस मामले पत्र जारी कर दिया है।
विज्ञापन

विज्ञापन

पत्र प्राप्ति के एक सप्ताह के अंदर बीएसओ अथवा एमओ को प्रभार लेने का था आदेश, भीएलडब्लू का अड़ियल रवैया बना अवरोध
पत्र जारी होने के करीब डेढ़ माह बीत जाने के उपरांत भी भीएलडब्लू शशांक शेखर पांडेय यहां एजीएम के प्रभार में बने हुए हैं। नव पदस्थापित एमओ बुलो कुमार को प्रभार हस्तांतरित नहीं किया गया है।वो अड़े हुए हैं और प्रभार हस्तांतरण में लगातार टालमटोल कर रहे हैं। जबकि एमओ विधिवत उनपर निरंतर प्रभार हस्तांतरण का दवाब बना रहे हैं। अमूमन पिछले एक पखवारे से जानकारी यह मिल रही है कि प्रभार हस्तांतरण जल्द ही हो जाएगा किन्तु, ऐसा 17 जुलाई -शुक्रवार शाम तक नहीं हो पाया है। बहरहाल, विभागीय उच्चाधिकारी के आदेश के प्रति भीएलडब्लू बतौर एजीएम की घोर उदासीनता समझ से परे है।
भीएलडब्लू एसएस पांडेय का महेशपुर हो चुका है स्थानांतरण
प्रशासनिक व कार्य हित में जिला परिषद पाकुड़ के कार्यालय आदेश के आलोक में गत 18 जून 2026 को एजीएम के अतिरिक्त प्रभार में सेवारत जनसेवक श्री पांडेय का ट्रांसफर अमड़ापाड़ा से महेशपुर प्रखंड में कर दिया गया है। पत्र में यह निर्देश भी है कि 19 जून तक उन्हें नव पदस्थापित प्रखंड में योगदान कर लेना है। अन्यथा वे स्वतः विरमित समझे जाएंगे। यह आदेश तात्कालिक प्रभाव से लागू है। बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि श्री पांडेय को उन्होंने विरमित कर दिया है।
क्या कहते हैं डीएसओ
डीएसओ अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि मेरे स्तर से प्रभार हस्तांतरण का स्पष्ट दिशा-निर्देश दे दिया गया है। अगर प्रभार हस्तांतरण नहीं हुआ है तो मैं इस विषय को गंभीरता से देख लेता हूं।

