समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। नीट का पेपर लीक एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से पुराना अस्पताल के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित अमानवीय व्यवहार और विपक्षी नेताओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ भी आवाज उठाई। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से सौंपते हुए केंद्र सरकार से परीक्षा संबंधी अनियमितताओं पर ठोस कार्रवाई की मांग की। वहीं ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने, परीक्षा में अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कराने तथा नई दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी एवं आपराधिक मामलों को वापस लेने की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस का यह धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। धरना प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मंसारूल हक, उदय लखवानी, कृष्णा यादव, मुख्तार हुसैन, देबू विश्वास, गुलाम अहमद, शाहीन परवेज, बिलाल शेख, जलालुद्दीन शेख, मो. नसीम के अलावा अन्य सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

