समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़– विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है।रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय,पाकुड़ में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि अब समय बेहद कम बचा है, इसलिए हर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरकर यह सुनिश्चित करे कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, बूथ लेवल एजेंट,पंचायत अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य एसआईआर अभियान की समीक्षा करना और अंतिम चरण की रणनीति तय करना था।पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि एसआईआर केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का अभियान है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें, पात्र मतदाताओं का ऐनुमैरेशन फॉर्म समय पर भरवाएं और उसे बीएलओ तक हर हाल में पहुंचाने में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि फॉर्म जमा करने के लिए अब केवल दो-तीन दिन का समय शेष है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में किसी पात्र मतदाता को उसके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित कर सकती है। इसलिए सभी कार्यकर्ता अंतिम समय तक पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान में जुटे रहें।बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं से एसआईआर अभियान की प्रगति की जानकारी भी ली गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि अधिकांश फॉर्म बीएलओ द्वारा अपलोड किए जा चुके हैं,जबकि कुछ फॉर्म अभी अपलोड होना बाकी हैं। इस पर आलमगीर आलम ने निर्देश दिया कि 27 और 28 जुलाई तक शेष सभी फॉर्म प्राथमिकता के आधार पर अपलोड कराए जाएं, ताकि किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूटने की संभावना न रहे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है और इसे सुनिश्चित करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी भी है।बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने,प्रत्येक पंचायत में अभियान को गति देने तथा हर पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पूरी मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ एसआईआर अभियान को सफल बनाएंगे,ताकि जिले का कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
