Homeपाकुड़सोई हुई पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार… तीन बेटों के सिर...
Maqsood Alam
(News Head)

सोई हुई पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार… तीन बेटों के सिर से उठा माँ का साया

लिट्टीपाड़ा से ग्राउंड रिपोर्ट

लिट्टीपाड़ा– कभी एक ही छत के नीचे जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाने वाले पति-पत्नी के रिश्ते का अंत सोमवार की देर रात खून से सने एक दर्दनाक अध्याय में बदल गया। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र की जामजोड़ी पंचायत स्थित शामपुर गाँव में एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गाँव को स्तब्ध कर दिया है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अब तीन बेटों के सिर से माँ का साया हमेशा के लिए उठ गया है।मृतका की पहचान माइनो मरांडी (48 वर्ष) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात वह प्रतिदिन की तरह भोजन करने के बाद अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान उसका पति हथिया हेम्ब्रम हाथ में कुल्हाड़ी लेकर कमरे में पहुँचा और सो रही पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना बेरहम था कि माइनो मरांडी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घरेलू कलह ने लिया खूनी रूप—

ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और आपसी मतभेद चल रहे थे। अक्सर दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक विवाद ने सोमवार की रात भयावह रूप ले लिया और पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

तीन बेटों का रो-रोकर बुरा हाल-

माइनो मरांडी अपने पीछे तीन बेटों को छोड़ गई हैं। माँ की नृशंस हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है, जबकि पूरे गाँव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश व्याप्त है।

हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी—

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया।

क्या कहते है थाना प्रभारी—-

लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा।

एक परिवार की बिखरी दुनिया—-

यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि घरेलू हिंसा के उस भयावह सच को सामने लाती है, जहाँ आपसी विवाद कभी-कभी पूरे परिवार का भविष्य छीन लेते हैं। एक महिला की जान चली गई, तीन बच्चों की माँ उनसे हमेशा के लिए बिछड़ गई और एक परिवार की खुशियाँ पलभर में उजड़ गईं। अब गाँव की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी,आरोपी गिरफ्तार होगा, अदालत सजा भी सुनाएगी… लेकिन क्या कोई उन तीन मासूम बच्चों को उनकी माँ वापस लौटा पाएगा?”

जिस घर में कल तक माँ की ममता थी, आज वहाँ सन्नाटा है। जिस आँगन में माँ की आवाज़ गूँजती थी, वहाँ अब सिर्फ़ बच्चों की सिसकियाँ हैं। कानून अपराधी को सलाखों के पीछे पहुँचा देगा, लेकिन उन तीन बेटों के जीवन में जो खालीपन हमेशा के लिए बन गया है, उसे कौन भरेगा?एक पल के गुस्से ने सिर्फ़ एक महिला की जान नहीं ली, बल्कि तीन बच्चों का बचपन, उनका सहारा और उनका सबसे सुरक्षित रिश्ता भी छीन लिया। अब उनकी हर सुबह माँ की याद से शुरू होगी और हर रात उसी की कमी के साथ खत्म होगी।हत्या की हर खबर एक आँकड़ा नहीं होती, उसके पीछे कई ज़िंदगियाँ बिखर जाती हैं। इस घटना में भी एक आरोपी जेल जाएगा, लेकिन तीन मासूम बच्चों को उम्रभर ऐसी सजा मिली है, जिसकी कोई अदालत सुनवाई नहीं करती। यही इस वारदात का सबसे दर्दनाक सच है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments