समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। पृथ्वीनगर गांव में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड ने पाँच परिवारों की जिंदगी को पलभर में बदल दिया। आग की लपटों में उनके आशियाने के साथ वर्षों की मेहनत से जुटाया गया गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हो गया। ऐसे कठिन समय में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा की पहल पर पीड़ित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई।सांसद के निर्देश पर पीड़ित परिवारों के बीच खाद्यान्न, दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री तथा परिवार के सभी सदस्यों के लिए पहनने योग्य वस्त्र वितरित किए गए। राहत सामग्री मिलने के बाद पीड़ित परिवारों के चेहरों पर राहत की झलक दिखाई दी और उन्होंने सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया।राहत वितरण कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख तथा झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य ऊमर फारुक ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव ने कहा कि सांसद विजय हांसदा हमेशा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी रहते हैं और आपदा की हर घड़ी में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रही है।प्रखंड अध्यक्ष मुस्लेउद्दीन शेख ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा आम लोगों की पार्टी है और संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। वहीं ऊमर फारुक ने समाज के सक्षम लोगों से भी आगे आकर जरूरतमंद परिवारों की मदद करने की अपील की।इस दौरान जिला सह सचिव ज़ोहूर आलम, जिला युवा उपाध्यक्ष रेजाउल हक, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष मोख्तार शेख, सत्तार शेख, अमीरुल इस्लाम, इमाम हुसैन, हैदर अली, हाजिकुल शेख, हुसैन शेख, फसीउद्दीन शेख, साफु शेख सहित गांव के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आग की त्रासदी के बाद पीड़ित परिवार बेहद कठिन दौर से गुजर रहे थे। ऐसे समय में मिली यह सहायता उनके लिए केवल राहत सामग्री नहीं, बल्कि नई उम्मीद और भरोसे का संदेश है।

