Homeपाकुड़पाकुड़ में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार,2.865 किलो गांजा के...
Maqsood Alam
(News Head)

पाकुड़ में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार,2.865 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़-नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पाकुड़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन जीवन’के तहत बड़ी कार्रवाई की है।पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि महेशपुर अनुमंडल के पाकुड़िया और महेशपुर थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से कुल 2.865 किलोग्राम गांजा, 70 मिट्टी के चिलम,दो मोटरसाइकिल,दो मोबाइल फोन, तराजू- बटखारा समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।एसपी ने बताया कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।इसके बाद प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध में पारू अंसारी के घर पर छापेमारी की गई।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी,पीछा कर दबोचा-

छापेमारी दल के पहुंचते ही पारू अंसारी घबराकर भागने का प्रयास करने लगा।पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में घर और मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान 2.165 किलो गांजा, 70 पीस मिट्टी के चिलम, दो मोटरसाइकिल, पीतल का तराजू-बटखारा, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।मामले में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 60/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

महेशपुर में भी 700 ग्राम गांजा बरामद

इसी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्राप्त सूचना के आधार पर महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी हटियापाड़ा में पिंटु शेख के घर पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक की थैलियों में रखा 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया और पिंटु शेख को गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में महेशपुर थाना कांड संख्या 134/2026 दर्ज किया गया है।

कौन-कौन गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पारू अंसारी उर्फ पाड़ु अंसारी उर्फ हुसैन अंसारी (करीब 40 वर्ष), निवासी मोंगलाबांध, थाना पाकुड़िया तथा पिंटु शेख,निवासी बड़कियारी, थाना महेशपुर के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी 11 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि पाकुड़ जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन जीवन’ लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 से 2 अगस्त 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर 9 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 83.30 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.246 किलो गांजा बरामद करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।अब ताजा कार्रवाई में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया है।

नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामग्री के आधार पर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।छापेमारी दल में एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार,पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो,महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा समेत दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments