समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पाकुड़ में युवाओं के उत्साह और खेल भावना का अनोखा नजारा देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली,अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइकिलिंग मैराथन पाकुड़-2026 का भव्य आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कियाप्रतियोगिता का शुभारंभ उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल,अनुमंडल पदाधिकारी,एसडीपीओ, कार्यपालक पदाधिकारी एवं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ साइकिलिंग मैराथन में हिस्सा लिया।

पुरुष वर्ग में बबंत हंसदा अव्वल––
पुरुष वर्ग में बबंत हंसदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। सोइबुल शेख दूसरे और सहबाज अली तीसरे स्थान पर रहे। वहीं राजकुमार ने चौथा तथा नजमी शेख ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में सोहागिनी हंसदा ने जीती बाजी-—
महिला वर्ग में सोहागिनी हंसदा ने प्रथम स्थान हासिल कर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सोनाली हंसदा दूसरे और अंकिता मंडल तीसरे स्थान पर रहीं। लक्ष्मी भगत ने चौथा तथा रेयाक्षा परवीन ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।

विजेताओं पर बरसे इनाम—
प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को जिला साइकिलिंग संघ की ओर से क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने के बाद विजेता खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
युवाओं को फिटनेस का संदेश—-
उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि साइकिलिंग जैसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, खेल भावना और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और जिले में स्वस्थ एवं सक्रिय नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

