समाचार चक्र संवाददाता
साहिबगंज। जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विद्यालयों में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने को लेकर शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आईसीटी कार्यक्रमों की प्रगति, विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा की स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में आईसीटी कार्यक्रमों की वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को डिजिटल एवं तकनीकी ज्ञान से जोड़ने तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में एडीपीओ जयंत कुमार मिश्रा, एसीपी मनीष कुमार, जिला समन्वयक सुमित कुमार साह, असद, जय प्रकाश साह, आदित्य राज एवं अमन कुमार उपस्थित थे।अधिकारियों ने जिले के विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने तथा आईसीटी आधारित शिक्षा को मजबूत करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। बैठक में सामने आए विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
