मकसूद/काशिम@समाचार चक्र
पाकुड़– शहर का रविंद्र भवन में गुरुवार को सिर्फ एक बैठक का स्थल नहीं, बल्कि यूथ कांग्रेस की राजनीतिक ताकत और युवा कार्यकर्ताओं के जोश का मंच नजर आया। पूरा हॉल खचाखच भरा था,बाहर तक कार्यकर्ताओं की भीड़ और लगातार गूंजते नारों ने माहौल को चुनावी तेवर दे दिया। मौका था यूथ कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की विशाल बैठक का।कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव,कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. तनवीर आलम और जिला प्रभारी लक्ष्मी कांत की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक रूप से खास बना दिया।नेताओं के संबोधन में जहां संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने का संदेश रहा,वहीं राहुल गांधी के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने और एसआईआर के सवाल पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।

डॉ. तनवीर आलम का संबोधन… संघर्ष की कहानी से युवाओं में भरा जोश…
विज्ञापन
वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. तनवीर आलम ने जब मंच संभाला तो कार्यकर्ताओं में खास उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने अपने पुराने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए युवाओं से संगठन के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि एक समय महज चंद साथियों के साथ संघर्ष की शुरुआत की गई थी। आज सामने युवाओं का इतना बड़ा हुजूम देखकर गर्व होता है। यह सिर्फ संगठन नहीं, बल्कि बदलाव की ताकत है।डॉ. तनवीर आलम ने एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना की।उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं,छात्रों, दलितों और किसानों की आवाज संसद से सड़क तक उठा रहे हैं।अब पाकुड़ के युवा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इन मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाएं।उनके इस संबोधन के दौरान सभागार तालियों और नारों से गूंजता रहा.

कुमार गौरव की हुंकार… ‘पाकुड़ की युवा ब्रिगेड बनेगी मजबूत ढाल—
यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने डॉ. तनवीर आलम के संगठनात्मक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिस निष्ठा और मेहनत से उन्होंने युवाओं को जोड़ा, उसका असर आज संगठन की ताकत में दिखाई दे रहा है।कुमार गौरव ने कहा कि राहुल गांधी आम नागरिकों, शोषित वर्गों और बेरोजगार युवाओं की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं। पाकुड़ के युवा कार्यकर्ता इस लड़ाई को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे।उनके भाषण के दौरान युवाओं में खास उत्साह दिखा। लगातार लगते नारों ने कार्यक्रम को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
एसआईआर बना बड़ा राजनीतिक मुद्दा, मैदान में उतरने का संदेश—
बैठक में एसआईआर का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर लोगों के बीच जागरूकता पैदा करें और जरूरतमंद लोगों की मदद करें।कांग्रेस नेताओं के संबोधन से साफ संकेत मिला कि एसआईआर का मुद्दा आने वाले दिनों में पाकुड़ की राजनीतिक गतिविधियों में भी प्रमुख भूमिका निभा सकता है। यूथ कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को सिर्फ संगठन की बैठक तक सीमित रहने के बजाय जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया।

मंच पर एकजुट दिखी कांग्रेस की युवा टीम—
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मंसारुल हक, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिलाल शेख, पूर्व यूथ जिलाध्यक्ष तस्लीम आरिफ ‘बुलेट’, देबू विश्वास, गुलाम अहमद बकुल, दिलदार आलम, मिस्टर शेख, अशोक दास, डॉ. जोहरुल इस्लाम, मो. सिराजुद्दीन शेख,नाबीद अंजुम,सेमिनूल इस्लाम, जैकी सादिक समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।जबकि मंच संचालन शाहीन परवेज ने किया।
राजनीतिक संदेश साफ… भीड़ से ज्यादा संगठन की सक्रियता पर जोर—
इस आयोजन का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश यही रहा कि कांग्रेस अपनी युवा इकाई को आने वाले राजनीतिक संघर्ष के लिए सक्रिय मोर्चे के रूप में तैयार कर रही है। रविंद्र भवन में उमड़ी भीड़, नेताओं के तेवर और कार्यकर्ताओं के नारों ने संगठन के भीतर नए उत्साह का संकेत दिया।

