समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। मानवता की सेवा के लिए किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा सकता है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन,पाकुड़ की पहल पर 24 सितंबर 2026 को जिले में विशेष रक्तदान अभियान चलाया गया।अभियान के तहत जिला मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न प्रखंडों में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।रक्तदान अभियान में जिले के पदाधिकारियों,पुलिस अधिकारियों,पुलिसकर्मियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मियों के साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर यह संदेश दिया कि समाज के प्रति जिम्मेदारी केवल शब्दों तक सीमित नहीं,बल्कि जरूरत के समय किसी की जिंदगी बचाने के लिए आगे आने में है।

अधिकारी से लेकर आम नागरिक तक बने भागीदार—
विज्ञापन
अभियान की खास बात यह रही कि इसमें प्रशासनिक एवं पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मियों के साथ आमलोगों की भी भागीदारी देखने को मिली। रक्तदान करने वाले लोगों ने अन्य नागरिकों को भी इस मानवीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों के बीच नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
एक यूनिट रक्त,कई उम्मीदें—-
रक्तदान को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां आज भी मौजूद हैं। ऐसे में इस अभियान ने लोगों को यह संदेश देने का काम किया कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर इसकी अहमियत और बढ़ जाती है।शिविरों में लोगों ने रक्तदान कर यह साबित किया कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और समय पर मिला रक्त किसी के जीवन की रक्षा कर सकता है।
पाकुड़ ने दिया मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश—
जिला प्रशासन की इस पहल में अधिकारियों,पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों की सहभागिता ने रक्तदान को महज एक सरकारी अभियान न बनाकर सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना से जुड़े जनअभियान का रूप दिया।इस अवसर पर दिया गया संदेश स्पष्ट था,रक्तदान करें,मानवता की नींव को मजबूत करें।आपका एक कदम किसी के जीवन में नई उम्मीद बन सकता है।”24 सितंबर का यह रक्तदान अभियान पाकुड़ जिले में प्रशासन और समाज की साझी जिम्मेदारी की एक ऐसी तस्वीर पेश करता है,जहां एक तरफ सेवा की भावना थी तो दूसरी तरफ किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का संकल्प।

