दीपक देशमुख@समाचार चक्र
बरहरवा (ए प्र)-आरपीएफ बरहरवा की टीम ने गश्ती एवं निगरानी के दौरान तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय से चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइल में एक सैमसंग और दूसरा रियलमी कंपनी का बताया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गोड्डा जिले के मंडपारा निवासी शैलेन्द्र मंडल (59) के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल विजय लकड़ा, कांस्टेबल अनिल कुमार साह,अजय कुमार तथा हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार यादव तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर गश्त एवं निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान प्रतीक्षालय में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला।पूछताछ के दौरान वह अपने आने-जाने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने उसके बैग की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में कपड़े में लिपटे दो मोबाइल फोन बरामद हुए।आरपीएफ के अनुसार,पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर दोनों मोबाइल फोन बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रात में सो रहे यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी के बाद वह जमालपुर सुपर ट्रेन से तीनपहाड़ पहुंचा था।मोबाइल फोन के संबंध में आरोपी से स्वामित्व अथवा वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद दोनों मोबाइल फोन को नियमानुसार जब्त कर लिया गया। आरपीएफ ने लिखित शिकायत एवं जब्त मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सुपुर्द कर दिया। मामले में जीआरपी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
