समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला शिक्षा प्रशासन सख्त हो गया है। उच्च न्यायालय, झारखंड के अंतरिम न्यायादेश के अनुपालन में आगामी 01 नवंबर 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के दिन सभी शिक्षकों का उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अनीता पुरती द्वारा जारी आधिकारिक कार्यालय आदेश (ज्ञापांक 731, दिनांक 12/10/2026) के अनुसार, परीक्षा वाले दिन जिले के सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में पदस्थापित या कार्यरत शिक्षक किसी भी प्रकार के अवकाश (छुट्टी) पर नहीं रहेंगे। इसके साथ ही, बिना पूर्वानुमति के मुख्यालय छोड़ने पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
दो पालियों में होगी परीक्षा:
विज्ञापन
01 नवंबर 2026 को परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा।प्रथम पाली उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08) पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05) अपराह्न 2:00 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक चलेगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधान अध्यापक एवं शिक्षकों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
