Homeपाकुड़भक्ति,संस्कृति और प्रतिभा का संगम बना कोटालपोखर का भक्तिमय संध्या कार्यक्रम
Maqsood Alam
(News Head)

भक्ति,संस्कृति और प्रतिभा का संगम बना कोटालपोखर का भक्तिमय संध्या कार्यक्रम

:--न्यू अल्फा इंग्लिश मीडियम स्कूल ने भक्ति, थीम और कॉमेडी में हासिल किया प्रथम स्थान,बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समाचार चक्र संवाददाता

कोटालपोखर। मां दुर्गा की आराधना, भक्ति के सुर,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की छटा और बच्चों की अद्भुत प्रतिभा से सोमवार देर शाम थाना रोड कोटालपोखर का माहौल भक्तिमय हो उठा। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति थाना रोड कोटालपोखर की ओर से आयोजित भक्तिमय संध्या कार्यक्रम में धर्म,संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला।कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम में टैलेंट सर्च पब्लिक स्कूल, न्यू अल्फा इंग्लिश मीडियम स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर और संत जेवियर्स स्कूल,कोटालपोखर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने भक्ति,थीम और कॉमेडी पर आधारित एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा,आत्मविश्वास और रचनात्मकता का परिचय दिया। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

विज्ञापन

dronakids

धार्मिक प्रस्तुतियों में दिखी आस्था, संस्कृति और संस्कारों की झलक—

भक्तिमय संध्या की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं,बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति,परंपरा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी हैं। मां दुर्गा की आराधना से जुड़े इस आयोजन में बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से श्रद्धा,सद्भाव और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। वहीं थीम आधारित प्रस्तुतियों ने सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों को मंच पर जीवंत किया, जबकि कॉमेडी ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।

दुमका की टीम ने किया मूल्यांकन,न्यू अल्फा इंग्लिश मीडियम स्कूल ने मारी बाजी—

कार्यक्रम में निर्णायक मंडली की भूमिका निभा रही दुमका की टीम ने सभी प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया। परिणाम के अनुसार, न्यू अल्फा इंग्लिश मीडियम स्कूल ने भक्ति,थीम और कॉमेडी—तीनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।भक्ति श्रेणी में टैलेंट सर्च पब्लिक स्कूल दूसरे और संत जेवियर्स स्कूल,कोटालपोखर तीसरे स्थान पर रहा। थीम श्रेणी में टैलेंट सर्च पब्लिक स्कूल ने दूसरा तथा सरस्वती शिशु मंदिर ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं कॉमेडी श्रेणी में टैलेंट सर्च पब्लिक स्कूल दूसरे और संत जेवियर्स स्कूल,कोटालपोखर तीसरे स्थान पर रहा।

अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह, दिया सद्भाव का संदेश—

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाकुड़ के जाने-माने समाजसेवी लुत्फल हक और कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि पुलिस का प्रमुख दायित्व आम लोगों को सुरक्षा प्रदान करना है। पुलिस चौबीसों घंटे लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर है।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और उनकी निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वहीं समाजसेवी लुत्फल हक ने सभी को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता के साथ मनाया जाना चाहिए। मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि समाज में कोई गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति परेशानी में हो, तो उसे मदद के लिए आगे आना चाहिए। जरूरतमंदों की सहायता करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।

समिति के पदाधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत—

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष साजन कुमार साह,सचिव राजीव गुप्ता, डॉ. सुनील साहिल,जयंत कुमार टार्जन, डॉ. सोनू भगत, विनोद भगत और शिक्षक राजकुमार साह सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर राजेंद्र भगत,शंकर साह,पंकज गुप्ता और सुमित साह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

भक्तिमय संध्या का यह आयोजन इस संदेश के साथ यादगार बना कि मां दुर्गा की सच्ची आराधना केवल पूजा-पाठ में नहीं,बल्कि सत्य, सेवा, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने में भी निहित है। जब धार्मिक आस्था के साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और समाज सेवा का संकल्प जुड़ता है, तो त्योहार सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का उत्सव बन जाता है।मंच का संचालन कैलाश मध्यान ने किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments