समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़ – जिले के मोहनपुर में मां दुर्गा की आराधना,भक्ति गीतों की मधुर धुन और श्रद्धालुओं के जयकारों से महा अष्टमी की संध्या पर मोहनपुर भक्तिमय हो उठा। मोहनपुर 108 दुर्गा पूजा समिति की ओर से महा अष्टमी के पावन अवसर पर भक्ति जागरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच पूरा पूजा पंडाल मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आया।कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत, पाकुड़ के जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, हिरणपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप तथा अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मां दुर्गा की आराधना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु,जयकारों से गूंजा पंडाल
विज्ञापन
जागरण कार्यक्रम में सुर संगम ग्रुप के गायक-गायिकाओं ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करते भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। संगीत और भक्ति के संगम ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। श्रद्धालु भजनों के साथ झूमते रहे और पूरा परिसर माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा।
पूजा समिति के कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले समिति के कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रवि भगत, नीरज दुबे, चंदन भगत, उत्तम भगत, लक्ष्मण भगत और राजेश साहा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। इस पहल के माध्यम से आयोजन में जुटे कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहा गया।
रितेश कुमार सिट्टू ने किया मंच संचालन–
पूरे कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रितेश कुमार सिट्टू ने किया। आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का माहौल देखने को मिला। महा अष्टमी के अवसर पर आयोजित इस भक्ति जागरण ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया।मोहनपुर 108 दुर्गा पूजा समिति का यह आयोजन मां दुर्गा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर उदाहरण बना। भक्ति गीतों और माता के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख,शांति और समृद्धि की कामना की।

