समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। जिले में गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है। पूर्व की तरह मुख्य आयोजन स्थल रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम को सजाने संवारने का काम जारी है। उपायुक्त मनीष कुमार ने स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य को 26 जनवरी से पहले हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त स्वयं निर्माण कार्य और गणतंत्र दिवस की तैयारी पर नजर रख रहे हैं। इसी बीच शहर को सजाने का काम भी किया जा रहा है। उपायुक्त आवास के पास का नजारा तो दिन-ब-दिन बदलती जा रही है और खुबसूरत आकर्षक तरीके से सजाने का काम हो रहा है। आवास की दीवारों पर झारखंड और आदिवासी संस्कृति की झलकियों को पेंटिंग के जरिए उकेरा जा रहा है। पिछले कई दिनों से दीवारों पर पेंटिंग का काम चल रहा है। इन दीवारों पर झारखंड की कला और संस्कृति की झलक दिखाई दे रहा है। पेंटिंग का काम जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, और भी ज्यादा खुबसूरत लग रहा है। झारखंड की कला गीत और संगीत का बखूबी वर्णन किया जा रहा है। जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आदिवासी संस्कृति को चित्र के जरिए बखूबी उकेरने की कोशिश की जा रही है। दीवारों पर जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, कलाकृति के साथ-साथ जीव जंतुओं के महत्व को रेखांकित किया जा रहा है। आकर्षक पेंटिंग बेहद ही खूबसूरत और मनमोहन दिख रहा है। यहां से गुजरने वाले लोग रुक कर एक बार निहारने को मजबूर जरूर हो रहे हैं। बता दें कि प्रशासन की ओर से यहां मदर टेरेसा चौक और आस-पास के कुछ हिस्सों में सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाना है। जिसकी जानकारी उपायुक्त मनीष कुमार ने हाल ही में दिया था। मदर टेरेसा चौक का सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जाम की समस्या से निपटने के लिए भी यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने हाल ही में यहां से अतिक्रमण हटाया था। यहां लगाए गए अस्थाई दुकानों को हटाकर सरकारी जमीन को खाली कराया गया था। इसके बाद सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया गया है। दीवारों पर पेंटिंग कहीं ना कहीं स्वच्छता का संदेश भी दे रही है। यह शहर को स्वच्छ और चमकदार रखने का प्रयास भी है।
