विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की टीम ने मोबाइल खोने वाले लोगों को वापस लौटा कर उनके भरोसे को जीतने में बड़ी सफलता हासिल की है। यूं कहे कि पाकुड़ पुलिस लोगों के लिए कीमती मोबाइल खो जाने या चोरी हो जाने पर दोबारा वापस पाने की उम्मीद बन गई है। दरअसल पाकुड़ पुलिस ने अपने संकल्प के मुताबिक दूसरी बार सोमवार को 19 लोगों को उनके खोए हुए या चोरी गए मोबाइल को बरामद कर वापस लौटाया। इससे पहले नगर थाना क्षेत्र से भी पांच मोबाइल को बरामद कर सौंपा गया था। इस बार महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा और मुफस्सिल थाना क्षेत्र से 19 मोबाइल को पुलिस ने बरामद करने में सफलता पाई है। इन मोबाइलों को सोमवार को मोबाइल धारकों को सौंप दिया गया। अपने खोए हुए कीमती मोबाइल को वापस पाकर इन लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। लोगों ने पुलिस अधीक्षक और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन


पाकुड़ पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा भी की। इस मौके पर एसपी निधि द्विवेदी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे वाक्या को मीडिया कर्मियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पाकुड़ पुलिस ने नव वर्ष में प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत जिले में चोरी एवं गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी कर उन्हें वास्तविक धारकों को सुपुर्द करने का संकल्प लिया गया है। इसी अभियान में 7 जनवरी को नगर थाना क्षेत्र से चोरी गए और गुमशुदा कुल पांच मोबाइल बरामद कर संबंधित धारकों को सौंपा गया था। अभियान को आगे बढ़ाते हुए महेशपुर थाना क्षेत्र से 7 मोबाइल, लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र से 3 मोबाइल, पाकुड़िया थाना क्षेत्र से 5 मोबाइल तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र से 4 मोबाइल बरामद किया गया हैं।

इस तरह कुल 19 चोरी या गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत सत्यापन के उपरांत उनके वास्तविक धारकों को वापस किया गया। इनमें सैमसंग गैलेक्सी ए 54, वीवो वी 50, वीवो वी 30 ई, वीवो टी 2 एक्स, ओप्पो एफ 27 प्रो, ओप्पो ए 3 प्रो, ओप्पो रेनो 8, ओप्पो सीपीएच 2617, वीवो टी 2 5 जी सहित अन्य मॉडल के मोबाइल शामिल हैं।
इन्हें लौटाया गया मोबाइल
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अपने हाथों से बरामद किए गए मोबाइल को असली धारकों को सौंपा। इनमें महेशपुर थाना क्षेत्र के लखीजोल के बच्चन कुमार मिर्धा, सोहबील शाहलम शेख, कानिझारा के कालू शेख, सुंदरपुर के सदानंद यादव, ग्वालपाड़ा के राजेश प्रसाद यादव, महेशपुर गांव के विवेक कुमार भगत, हरीशपुर के उत्तम ठाकुर, बरमसिया की झुमा देवी, लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के डुमरचीर की बीटी मरांडी, राजस्थान के राजेश कुमार, पाकुड़िया थाना क्षेत्र के गनपुरा के जयमाला देवी, उदयपुर के माइकल प्रकाश मरांडी, चौकीशाल के प्रमीत घोष, कोलकाता के अभिलाष साव, पश्चिम बंगाल नलहटी के खुर्शीद आलम, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ईलामी के अलिउल आमीन, रहसपुर के सैबुर रहमान, कुमारपुर के सिराजुद्दीन शेख और मनीरामपुर के अम्बर अली शामिल है।
अभियान में शामिल पदाधिकारी
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि इस विशेष अभियान में थाना प्रभारियों एवं तकनीकी शाखा (सीसीटीएनएस) के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही है। अभियान में पुलिस पदाधिकारियों में मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित तकनीकी शाखा के अधिकारी एवं आरक्षी शामिल हैं। इनके अलावा तकनीकी शाखा प्रभारी संजीव कुमार झा, मुफस्सिल थाना के सहायक अवर निरीक्षक गोविंद साह व सहायक अवर निरीक्षक छोटेलाल यादव, सीसीटीएनएस में महेशपुर थाना के आरक्षी सुधीर रमानी, पाकुड़िया थाना के आरक्षी बैजनाथ गुप्ता, लिट्टीपाड़ा थाना के आरक्षी देवकांत कुमार पंडित, मुफस्सिल थाना के आरक्षी प्रवीण यादव एवं आरक्षी कुंदन यादव भी मुख्य रूप से शामिल है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने अथवा चोरी हो जाने पर तत्काल संबंधित थाना में सूचना दें। ताकि तकनीकी माध्यम से उसका पता लगाकर शीघ्र बरामदगी हो सके। पुलिस चोरी या गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी एवं उन्हें धारकों तक वापस पहुंचाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रखेगी।

