Homeपाकुड़लंबा इंतजार, मेहनत, संघर्ष और संयम से फखरुद्दीन ने शिक्षक बनने का...
Maqsood Alam
(News Head)

लंबा इंतजार, मेहनत, संघर्ष और संयम से फखरुद्दीन ने शिक्षक बनने का पूरा किया सपना

अबुल काशिम@समाचार चक्र
पाकुड़। अगर हौंसले बुलंद हों, तो मंजिल एक दिन जरूर मिलती है। इस कथन को पाकुड़ का एक छोटा सा गांव लखिनारायणपुर के रहने वाले एक शिक्षित युवा ने सच साबित कर दिखाया है। सदर प्रखंड अंतर्गत तारानगर पंचायत में आने वाले लखिनारायणपुर गांव विकास के मामलों में पिछड़ा जरुर हो सकता है, लेकिन यहां के युवाओं के हौंसलों में कोई कमी नहीं है। यहां जिस युवा के हौंसले की बात हो रही है, उसका नाम मो. फखरुद्दीन है। बचपन से ही शिक्षक बनकर देश सेवा की भावना लेकर चलने वाले फखरुद्दीन का सपना आज साकार हो चुका है। लेकिन यह सपना यूं ही साकार नहीं हुआ है, बल्कि इसके लिए फखरुद्दीन को काफी संयम और संघर्षों से गुजरना पड़ा है। लखीनारायणपुर गांव के रहने वाले मो. फखरुद्दीन के संघर्ष और संयम दूसरों के लिए प्रेरणा बन गया है। उन्होंने साल 2013 में बीएड और जेटेट जैसी कठिन परीक्षाएं पास कर ली। लेकिन किस्मत ने उनका इम्तिहान यहीं खत्म नहीं किया। पूरे 13 साल तक सरकारी नौकरी का इंतजार करते रहे, ताकि शिक्षक बनकर देश सेवा का सपना पूरा हो सके। उनके जीवन में काफी चुनौतियां आती रही, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए पारा मेडिकल के क्षेत्र में नौकरी करते रहे, पर शिक्षक बनने का सपना कभी नहीं छोड़ा। आखिरकार इंतजार खत्म हुआ और साल 2026 में उनकी मेहनत रंग लाई और उनका सपना साकार हो गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों उन्हें सरकारी शिक्षक का नियुक्ति पत्र मिला। आज फखरुद्दीन कक्षा 6 से 8 के लिए सरकारी शिक्षक के रूप में नियुक्त हो चुके हैं। यह सफलता सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि 13 साल के धैर्य, संघर्ष, मेहनत और अटूट विश्वास की जीत है। जो लोग मेहनत कर रहे हैं, उनके लिए फखरुद्दीन की कहानी एक प्रेरणादायक संदेश है। उनका संदेश साफ है कि सपनों की उड़ान कभी मत रोकिए, क्योंकि देर हो सकती है, लेकिन मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। आज लोग उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए दिल से बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं। वहीं परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रामीण गर्व महसूस कर रहे हैं। फखरुद्दीन का एक और परिचय उनकी सादगी पसंद जीवनशैली है। उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान, उन्हें दूसरों से अलग बनाती है। बिल्कुल शांत और चुपचाप अपने काम करते रहना उनकी बड़ी खासियत है। आज के युवाओं को मो. फखरुद्दीन से प्रेरणा लेने की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments