विज्ञापन

ललन झा @समाचार चक्र
अमड़ापाड़ा। घर में अकेली सो रही एक आदिवासी विवाहिता की क्रूर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के डूमरचीर गांव की जेटके टोला निवासी 21 वर्षीय मालोती मरांडी के रूप में हुई है। घटना गत मंगलवार देर रात की बताई गई है। जानकारी यह मिली है कि घटना के वक्त मालोती घर में अकेली सोई हुई थी। उसके माता-पिता और अन्य परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। बुधवार सुबह जब वे घर लौटे तो अपनी बेटी को मृत पाया। मलोती का शव घर के भीतर खटिया पर पड़ा हुआ था और उसका सिर खून से लथपथ था। संभवतः उसके सिर पर कई दफा निर्मम प्रहार किया गया था। जिसे देखकर सभी सन्न रह गए। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी होते ही पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। मृतका की मां मरांगमय हेंब्रम ने बताया कि मलोती की पहली शादी जामकनाली में हुई थी। जिससे उसके दो बच्चे हैं। वहां से रिश्ता टूटने के बाद उसने साहेबगंज जिले के बैलबथान में दूसरी शादी की थी। दूसरे पति से भी उसको एक बच्चा है। पिछले करीब दो महीने से वह अपनी दूसरी ससुराल छोड़कर मायके जेटके टोला में ही रह रही थी। मालोती की हत्या क्यों हुई, किसने की, तत्काल वजह का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, एसआई चंदन कुमार और बुदिलाल मुर्मू सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जानकारी ली। शव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया गया है। पुलिस इस हत्या की घटना की सभी पहलुओं की तफ्तीश कर रही है। यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर मालोती का हत्यारा कौन है? हत्या के विभिन्न संभावित बिंदुओं की गहन छानबीन की जा रही है। हालांकि थाना प्रभारी ने औपचारिक तौर पर कहा कि अग्रेतर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। तत्काल कुछ भी बताना जल्दीबाजी होगी।
विज्ञापन

विज्ञापन



