समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने गुरुवार को सदर प्रखंड अंतर्गत ईशाकपुर पंचायत का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का ठोस भरोसा दिलाया। उन्होंने शैतानखाना मोड़ और चंद्रपाड़ा माहरु मोड़ पर आयोजित जनसभाओं में ग्रामीणों ने उनका अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री के जनहितैषी कार्यों से प्रभावित होकर दर्जनों ग्रामीणों ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा, जिन्हें आलमगीर आलम ने माला पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने एक भावुक और प्रभावशाली भाषण दिया। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने अपना संपूर्ण राजनीतिक जीवन पाकुड़ की जनता के अधिकारों और उनके विकास के लिए समर्पित किया है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जब तक आपके चेहरे पर मुस्कान नहीं आ जाती, मेरी लड़ाई जारी रहेगी। क्षेत्र के हर नागरिक को बेहतर से बेहतर मूलभूत सुविधाएं दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता है।उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों का ब्योरा जनता के समक्ष रखा और आश्वस्त किया कि पाकुड़ के हर गांव और पंचायत का सर्वांगीण विकास ही उनका मुख्य ध्येय है।
जाति व निवास प्रमाण पत्र में देरी पर सख्त निर्देश
पंचायत भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से जाति और निवास प्रमाण पत्र बनने में हो रही अनावश्यक देरी का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि प्रमाण पत्रों के अभाव में छात्रों और युवाओं को सरकारी योजनाओं तथा आवश्यक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनता की इस समस्या पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पूर्व मंत्री ने मौके पर ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अविलंब संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर इन प्रमाण पत्रों को शीघ्र निर्गत करवाएं, ताकि आम जनता को और राहत मिल सके।पूर्व मंत्री के इस दौरे और समस्याओं के तुरंत समाधान के आश्वासन से ईशाकपुर पंचायत के ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी देखी गई। सभा के समापन पर नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने से संगठन को क्षेत्र में नई मजबूती मिली है। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मंसारुल हक, तस्लीम आरिफ बुलेट, शाहीन परवेज, देबू विश्वास, असद हुसैन आदि मौजूद थे।

