Homeपाकुड़मार्क बास्की को जेएलकेएम का जिलाध्यक्ष बनाने की उठ रही मांग
Maqsood Alam
(News Head)

मार्क बास्की को जेएलकेएम का जिलाध्यक्ष बनाने की उठ रही मांग

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिलाध्यक्ष हसन अंसारी पर नौकरी के नाम पर ठगी के आरोप के बाद पार्टी में पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व जिलाध्यक्ष मार्क बास्की को जिलाध्यक्ष बनाने की मांग भी तेज हो गई है। पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मार्क बास्की को जिलाध्यक्ष बनाने की मांग उठाई जा रही है। उनके समर्थक जिलाध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे हैं। बता दें कि हसन अंसारी पर ठगी के आरोप के बाद पार्टी ने उन्हें जिलाध्यक्ष के पद से हटा दिया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने पत्र जारी कर हसन अंसारी को पद से हटाने का आदेश दिया है। केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने अपने पत्र में कहा है कि जिला अध्यक्ष हसन अंसारी के खिलाफ नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप सामने आया है। इस संबंध में उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य भी मिले हैं। केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने उन्हें पद से बर्खास्त करते हुए संगठन से संबंधित सभी दायित्व, अभिलेख, दस्तावेज, पहचान पत्र और अन्य सामग्री तत्काल संबंधित प्राधिकारी को समर्पित करने का निर्देश दिया है। उल्लेखनीय है कि हिरणपुर में पार्टी की एक बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष हसन अंसारी के खिलाफ नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप लेकर लोग पहुंचे थे। पीड़ितों के शिकायत पर पुलिस भी बैठक में पहुंची थी। पुलिस ने तत्काल उन्हें हिरासत में ले लिया था। यह खबर पूरे जिले में जंगल में आग की तरफ फैल गई और पार्टी के जिला अध्यक्ष के रूप में हसन अंसारी की भूमिका पर सवाल उठने लगे। इसके बाद पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष ने उन्हें पद से हटाते हुए पत्र जारी कर दिया। इधर पार्टी के सोशल मीडिया ग्रुप में पूर्व जिलाध्यक्ष मार्क बास्की को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने की मांग उठने लगे। हालांकि पार्टी की तरफ से अभी नए जिलाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपने से संबंधित किसी तरह का पत्र जारी नहीं हुआ है और ना ही पार्टी का कोई बयान आया है। उल्लेखनीय है कि हसन अंसारी से पहले मार्क बास्की जिलाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में कार्यकर्ताओं में संतुष्टि और खुशी का माहौल था। उनके कार्यकाल में पार्टी संगठन मजबूती के साथ आगे बढ़ रही थी। पूर्व जिला अध्यक्ष मार्क बास्की सरल स्वभाव और मृदु भाषी के चलते कार्यकर्ताओं में काफी लोकप्रिय है। इसलिए पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें जिलाध्यक्ष बनाने की मांग उठ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments