Homeपाकुड़रघुनाथपुर में बनेगा बिजली सब-स्टेशन, दर्जनभर गांवों को मिलेगी बेहतर आपूर्ति
Maqsood Alam
(News Head)

रघुनाथपुर में बनेगा बिजली सब-स्टेशन, दर्जनभर गांवों को मिलेगी बेहतर आपूर्ति

विधायक निसात आलम ने नारियल फोड़कर किया शिलान्यास, बांस-बल्ली के सहारे बिजली पहुंचने वाले क्षेत्रों में जल्द लगेंगे पोल

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़। सदर प्रखंड के उदयनारायणपुर पंचायत अंतर्गत रघुनाथपुर गांव में बुधवार को बिजली सब-स्टेशन निर्माण की आधारशिला रखी गई। पाकुड़ विधायक निसात आलम ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सब-स्टेशन के निर्माण से आसपास के करीब दर्जनभर गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।इस मौके पर विधायक निसात आलम ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान थे। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए रघुनाथपुर में सब-स्टेशन स्थापित करने की पहल की गई। उन्होंने कहा कि सब-स्टेशन का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके चालू होने के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने की पहल

कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंसारूल हक ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीण लगातार विधायक के समक्ष अपनी परेशानी रखते आ रहे थे। समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक ने पहल की, जिसका परिणाम अब सब-स्टेशन निर्माण के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि सब-स्टेशन बनने के बाद ग्रामीणों को बेहतर और सुचारु बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।उन्होंने यह भी कहा कि जिन इलाकों में अब भी बांस-बल्ली के सहारे बिजली पहुंचाई जा रही है, वहां बिजली के पोल लगाने की दिशा में भी जल्द काम किया जाएगा।

बारिश के बाद शुरू होगा पोल लगाने का काम

बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा ने बताया कि जिले में पर्याप्त संख्या में बिजली के पोल उपलब्ध हैं। फिलहाल बरसात के कारण पोल लगाने का काम प्रभावित है। बारिश का मौसम समाप्त होते ही बांस-बल्ली के सहारे बिजली पहुंचने वाले क्षेत्रों में पोल लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पोल लगने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इन गांवों को मिलेगा लाभ

रघुनाथपुर में सब-स्टेशन बनने से झिकरहाटी, रहमतपुर बगान, उदयनारायणपुर, देवतल्ला, इस्लामपुर, लखनपुर, किस्मत कदमसार, जामतल्ला, चंडीतल्ला, बसटमडांगा और नवीनगर समेत आसपास के अन्य गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है।ग्रामीणों ने सब-स्टेशन निर्माण की पहल पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और कमजोर आपूर्ति की समस्या बनी हुई थी। सब-स्टेशन बनने के बाद इन समस्याओं में कमी आने और बिजली आपूर्ति व्यवस्था के मजबूत होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments