Homeपाकुड़तय समय से पहले एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण व डिजिटाइजेशन का काम पूरा...
Maqsood Alam
(News Head)

तय समय से पहले एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण व डिजिटाइजेशन का काम पूरा करने वाली चार महिला बीएलओ हुई सम्मानित

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़। एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को बुधवार को सम्मानित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अपने-अपने मतदान केंद्रों पर बीएलओ ने एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित अवधि से पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया। जिन बीएलओ को सम्मानित किया गया, उनमें पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 350 की बीएलओ जासमिनारा बीबी, बूथ संख्या 388 की बीएलओ नीलिमा सरकार, लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 83 की बीएलओ कल्पना कुमारी, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 92 की बीएलओ शालू बेगम एवं बूथ संख्या 65 की बीएलओ रुमी मंडल शामिल हैं। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी सम्मानित बीएलओ को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समर्पण, समयबद्धता एवं उत्तरदायित्व लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और निर्धारित समय सीमा से पूर्व शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना उनकी कार्यनिष्ठा, प्रतिबद्धता एवं दक्षता का परिचायक है। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य बीएलओ को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है। ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके। मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाया जा सके। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के आरओ सह भूमि सुधार उप समाहर्ता अमित कुमार एवं एईआरओ सह अंचलाधिकारी, पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया ने भी सम्मानित बीएलओ को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन कार्यों में इसी प्रकार समर्पण एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में निर्वाचन शाखा के कर्मी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments