समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। झारखंड में जएसएससी- सीज़ीएल और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सियासत अब सड़क पर उतर आई है।छात्रों के आंदोलन के समर्थन और राज्य की शिक्षा एवं रोजगार व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को पाकुड़ जिला मुख्यालय में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में निकले इस प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
लड्डू बाबू आम बागान से समाहरणालय तक निकला जुलूस—
भाजपा कार्यकर्ता लड्डू बाबू आम बागान से जुलूस की शक्ल में निकले। हाथों में पार्टी के झंडे और सरकार के खिलाफ नारे लगाते कार्यकर्ता समाहरणालय पहुंचे। मुख्य द्वार के समीप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। समाहरणालय के मुख्य द्वार पर एसडीपीओ कुमार गौरव और थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
बाबूलाल का हमला-हर मोर्चे पर विफल है सरकार—
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है।मरांडी ने जएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हजारों छात्र जब शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब उनके खिलाफ कार्रवाई की गई और मामले दर्ज किए गए।भाजपा ने छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने तथा परीक्षा में कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई।

‘नौकरी बेचने’ के आरोप से गरमाई सियासत—
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि परीक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने सरकार पर गिट्टी, बालू और खनिज संपदा के कथित अनियमित दोहन एवं भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए।
मांग नहीं मानी तो कलेक्ट्रेट में घुसकर करेंगे आंदोलन–
प्रदर्शन के दौरान बाबूलाल मरांडी के तेवर और तल्ख नजर आए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा की मांगों पर सरकार ने कार्रवाई नहीं की,तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो भाजपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में घुसकर आंदोलन करेंगे। लाठी खानी पड़े या जेल जाना पड़े,पीछे नहीं हटेंगे।
ज्ञापन सौंपकर आंदोलन का ऐलान—
प्रदर्शन के अंत में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।मौके पर लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी,प्रदेशमंत्री कृष्णा महतो, जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, जिला प्रभारी निवास मंडल, मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी और मिस्फिका हसन समेत कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।इस दौरान जिला महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संपा शाह, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, रतन भगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सियासी सवाल अब बड़ा है—
जएसएससी-सीज़ीएल विवाद ने झारखंड में एक बार फिर सरकार बनाम विपक्ष की लड़ाई को सड़क पर ला दिया है। भाजपा इसे युवाओं के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता का मुद्दा बता रही है,जबकि अब निगाहें सरकार की प्रतिक्रिया पर हैं।

