विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
अमड़ापाड़ा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को मुख्य बाजार स्थित आरएस पैलेस में संथाल परगना प्रमंडल (दुमका, पाकुड़ एवं साहिबगंज) के मंडल प्रवासी कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संथाल परगना प्रभारी बाल मुकुंद सहाय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश संगठन एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में पाकुड़, साहिबगंज और दुमका जिले के भाजपा पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों, मंडल प्रवासियों, मंडल अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों तथा वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान प्रदेश नेतृत्व की ओर से संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह एवं प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा के प्रस्तावित कार्यक्रम का भी उल्लेख किया गया। बैठक में उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। इससे पूर्व बैठक में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। बैठक शांतिपूर्ण एवं संगठनात्मक माहौल में संपन्न हुई। अंत में कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
विज्ञापन

विज्ञापन



