समाचार चक्र संवाददाता
महेशपुर। प्रखंड के सीलमपुर स्थित एफसीआई चावल गोदाम में सोमवार को दावत-ए-इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी मुख्य रूप से शामिल हुए। उनके आते ही लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने लोगों से मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। लोगों ने मंत्री को महेशपुर अस्पताल में डॉक्टर की कमी तथा पश्चिम बंगाल रेफर किए जाने को लेकर शिकायत किया। जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि इफ्तार पार्टी में शामिल होकर क्षेत्र के लोगों को अमन चैन तथा भाईचारे का संदेश देना है। मंगलवार को विधानसभा है। जहां स्वास्थ्य से संबंधित बिल पास होना है। यहां के सभी लोग अपने हैं। उन्होंने कहा कि सभी को संदेश देना चाहते हैं कि सभी धर्म के लोगों को एक साथ मिलकर रहना है। आपसी भाईचारे को मजबूत रखना है। यही सबसे बड़ी पूंजी है। भाजपा के लोग आपसी भाईचारे एवं सौहार्द को बिगाड़ने के काम करते हैं। उन्होंने कहा कि होली में हम आए हैं, ईद में आप सभी लोग जाओ, यही तो सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने होली में हुए गिरिडीह की घटना को लेकर कहा कि भाजपा के रघुवर दास जिस तरह बयानबाजी कर रहे हैं, यह शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह पुलिस प्रशासन से मांग करते हैं कि इस घटना में जो भी दोषी है, उसको कड़ी से कड़ी सजा मिले। वहां की घटना दो भाइयों की लड़ाई की घटना है। दोनों भाई समझ लेगा, तीसरा आदमी को कूदने की कोई जरूरत नहीं है। अगर रघुवर दास उस घटना में कूद ही गए हैं तो उस घटना को शांत कराना चाहिए, ना कि आग में घी डालना चाहिए। परंतु रघुवर दास लोगों को उकसा रहे हैं। अगर कोई घटना घट जाएगी, किसी के घर का चिराग बुझ जाएगा तो इसका जिम्मेवार कौन होगा। उन्होंने महेशपुर को लेकर कहा कि यह क्षेत्र काफी अच्छी एवं हरियाली है। यहां के लोग आपसी भाईचारे के साथ अपना-अपना पर्व मनाते हैं। महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं रहने को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर सिविल सर्जन को दिशा-निर्देश दिया गया है। बहुत जल्द महेशपुर दोबारा आएंगे। यहां की स्वास्थ्य केंद्रों में जो भी कमी है, पूरी तरह सुधार किया जाएगा। क्योंकि महेशपुर से मैं जुड़ा हुआ हूं। उन्होंने अंत में कहा कि रमजान इबादत का पाक महीना है। जिस दौरान मुसलमान रोजा रखते हैं और सांप्रदायिक सद्भाव और देश की खुशहाली के लिए दुआ करते हैं। उन्होंने कहा कि रोजा इफ्तार पार्टी उसी भावना के साथ आयोजित की गई है। मौके पर सीएस मंटू टेकरीवाल, सीओ संजय कुमार सिंहा, थाना प्रभारी विक्रम कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी फकरे आजम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष कलीमुद्दीन शेख, साहेब अली, सलीम शेख के अलावा अन्य मौजूद थे।
