.
विज्ञापन

विज्ञापन

अबुल काशिम@समाचार चक्र
पाकुड़। पाकुड़ विधानसभा सीट से कुल 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इनमें से तीन प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। कांग्रेस की निसात आलम, समाजवादी पार्टी के अकिल अख्तर और आजसू के अजहर इस्लाम रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। हालांकि शेष 13 प्रत्याशी भी अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और प्रचार प्रसार में लगे हैं। आम लोगों में चर्चा कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आजसू प्रत्याशी की ज्यादा है। ये तीनों प्रत्याशी संपत्ति के मामले में भी लोगों के बीच चर्चा में बने हैं। इनकी संपत्ति हजारों और लाखों में नहीं, बल्कि करोड़ों और अरबों में है। अचल और चल संपत्ति को मिलाकर तीनों प्रत्याशी करोड़ों और अरबों की संपत्ति के मालिक है। इनमें कैश, बैंक में जमा पूंजी, कृषि और गैर कृषि भूमि, बिजनेस पूंजी, जेवरात, मोटर वाहन, विरासत में मिली संपत्ति आदि शामिल है। इन प्रत्याशियों के द्वारा नामांकन के दौरान हलफनामा में संपत्तियों का जो ब्यौरा दिया गया है, उसमें इन सारी चीजों का उल्लेख किया गया है।
विज्ञापन

अकिल अख्तर के पास कितनी संपत्ति
पूर्व विधायक अकिल अख्तर चौथी बार किस्मत आजमा रहे हैं और इस बार वे समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे हैं। अकिल अख्तर ने हलफनामे में संपत्ति का जो ब्यौरा दिया है, उसमें 8 लाख 49,000 रुपए कैश तथा बैंक खाते में 2 लाख 26,000 रुपए दिखाया है। मोटर वाहन का 25 लाख 30,111 रुपए, 9 भर सोना जिसका मूल्य 2 लाख 70,000 रुपए तथा आस्तियां 5 लाख रुपए के बताए गए हैं। इन सब को मिलाकर कुल 43 लाख 75,111 रुपए जोड़ा गया है। अकिल अख्तर के पास बरहरवा में 112 एकड़ कृषि भूमि है। जिसका खरीदने के समय 66 करोड़ 89 लाख 9550 रुपए मूल्य बताया गया है और इसका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 125 करोड़ है। ये संपत्तियां साल 1997 से 10 सितंबर 2018 तक अर्जित किए गए हैं। अकिल अख्तर को 15 लख रुपए की विरासत में भी संपत्तियां मिली है। अगर गैर कृषि भूमि की बात करें तो अकिल अख्तर के पास बरहरवा और पाकुड़ ब्लॉक को मिलाकर 40.5 एकड़ जमीन है। ये गैर कृषि संपत्तियां साल 1991 से 2018 तक के हैं। इन संपत्तियों का क्रय मूल्य 9 करोड़ 88 लाख 61,177 रुपए दिखाया गया है। जिसका वर्तमान बाजार मूल्य 125 करोड़ के लगभग है। अकिल अख्तर के बरहरवा, पतना, पाकुड़ के अलावा कोलकाता और रांची जैसे शहरों में भी आवासीय भवन (अपार्टमेंट) की 1 लाख 75,572 स्क्वायर फीट जमीन है। जिसका 47,343 स्क्वायर फीट निर्मित क्षेत्र में है। यह आवासीय भवन की जमीन साल 2004 से 2024 तक में हासिल किया है। इसका क्रय मूल्य 8 करोड़ 23 लाख 19323 रुपए बताए गए हैं। इसका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 150 करोड़ रुपए हैं। इस तरह कृषि और गैर कृषि भूमि को मिलाकर लगभग 400 करोड़ रुपए की संपत्ति है। अकिल अख्तर साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड के छोटा चांदपुर (हस्तिपाड़ा) गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने धर्मीय विश्वविद्यालय मक्का से साल 1995 में एमए की डिग्री हासिल की है।
कांग्रेस की निसात आलम की संपत्ति
कांग्रेस प्रत्याशी निसात आलम करोड़पति के लिस्ट में शामिल है। उन्होंने हलफनामा में जो ब्यौरा दिया है, उसके मुताबिक 5 लाख 50,000 रुपए कैश, बैंक खाते में 77 लाख 27221 रुपए बताया गया है। वहीं सोने के जेवर 330 ग्राम दिखाया है। जिसका मूल्य 23 लाख 10,000 रुपए हैं। इस तरह कैश, बैंक बैलेंस और सोने का जेवर को मिलाकर 01 करोड़ 5 लाख 87,221 रुपए की संपत्ति दिखाया गया है। निसात आलम के पास बरहरवा और गौरीपुर में विरासत में मिले 6 एकड़ तथा 0.133 और 0.0661 एकड़ कृषि भूमि है। ये जमीन साल 2008 से 2021 तक में हासिल दिखाया गया है। इन सबको मिलाकर वर्तमान बाजार मूल्य 84 लाख 50,000 रुपए दर्शाया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी के पास बरहरवा में दो बीघा गैर कृषि भूमि भी है। जिसका क्रय मूल्य 3 लाख बताया गया है और वर्तमान बाजार मूल्य 12 लाख रुपए है। पेट्रोल पंप भी कांग्रेस प्रत्याशी के पास होने की जानकारी दी गई है। निसात आलम का रांची हिनू में 4083 वर्ग फीट वाणिज्यिक भवन होटल ईमराल्ड भी है। होटल ईमराल्ड का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 85 लाख रुपए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी निसात आलम ने राजकीय मध्य विद्यालय इस्लामपुर साहिबगंज से साल 1981 में अष्टम कक्षा तक पढ़ाई की है।
आजसू प्रत्याशी अजहर इस्लाम भी है करोड़पति
आजसू प्रत्याशी अजहर इस्लाम के पास भी करोड़ों की चल अचल संपत्ति है। अजहर के हलफनामे में 2 लाख 10,000 रुपए कैश और 28 लाख 39,808 रुपए बैंक बैलेंस दिखाए गए हैं। इसके अलावा 3 करोड़ 30 लाख 76,853 रुपए का मोटर वाहन दिखाया गया है। अजहर इस्लाम के पास 220 ग्राम सोना भी है। जिसका मूल्य 14 लाख 29,700 रुपए है। अजहर के पास 9.5 एकड़ कृषि भूमि भी है। जिसका क्रय मूल्य 01 करोड़ 12 लाख 12,984 रुपए हैं। अरहम नाम से फार्म हाउस भी है, जिसका क्रय मूल्य 15 लाख 14,220 हैं। फार्म हाउस का निर्माण खर्च 31 लाख 61,150 रुपए बताया गया है। इसका कुल वर्तमान बाजार मूल्य 4 करोड़ 60 लाख 11,464 है। अजहर इस्लाम के पास पाकुड़ में 10.548 एकड़ तथा 3.031 एकड़ गैर कृषि भूमि भी है। इन दोनों भूमि का क्रय मूल्य क्रमशः 3 लाख 90,000 तथा 23 लाख 40,000 रुपए बताए गए हैं। अजहर इस्लाम का कोलकाता में करोड़ों का आवासीय भवन मौजूद है। अजहर इस्लाम ने साल 2009 में डीबीएसडी डिग्री कॉलेज सरण जेपी यूनिवर्सिटी छपरा से बीकॉम की डिग्री हासिल की है।