अबुल काशिम@समाचार चक्र
पाकुड़। चेन्नई में परवान चढ़ा प्यार, गांव लौटते ही पहली पत्नी की दस्तक और फिर आपसी रंजिश की बलि चढ़ गया एक दो महीने का दूधमुंहा मासूम। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर दक्षिण टोला में मंगलवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो माह के एक बेकसूर बच्चे की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिस उम्र में बच्चे के सिर पर ममता का साया होना चाहिए था, उस उम्र में पारिवारिक कलह ने उसकी सांसें हमेशा के लिए छीन लीं।
चेन्नई का प्यार, गांव में तकरार
घटना की परतें खोलते ही एक उलझी हुई लव स्टोरी सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर निवासी सारजेन शेख करीब एक साल पहले मजदूरी करने चेन्नई गया था। वहां उसकी मुलाकात असम (गुवाहाटी) की एक युवती से हुई। दोनों में प्यार हुआ और बात शादी तक पहुंच गई। सारजेन अपनी इस दूसरी पत्नी को लेकर वापस गांव लौट आया। करीब एक साल तक सब कुछ ठीक-ठाक चला, लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब सारजेन का संपर्क अपनी पहली पत्नी से दोबारा शुरू हुआ। इसके बाद से ही घर में आए दिन कलह और विवाद का दौर शुरू हो गया।
चीख-पुकार से दहला इलाका, पति-पत्नी एक-दूसरे पर मढ़ रहे आरोप
मंगलवार की शाम संग्रामपुर दक्षिण टोला उस वक्त दहल उठा जब सारजेन के घर से अचानक चीखने-चिल्लाने और हो-हल्ले की आवाजें आने लगीं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गई जब उन्हें पता चला कि दो महीने के मासूम की जान चली गई है। बच्चे के गले पर निशान देख ग्रामीणों का दावा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।शर्मनाक बात यह है कि इस खौफनाक वारदात के बाद भी पति-पत्नी एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाकर अपनी गर्दन बचाने में जुटे हैं।
पुलिस की गिरफ्त में माता-पिता, सुलझेगी कत्ल की गुत्थी
वारदात की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने संवेदनहीनता की हद पार करने वाले माता-पिता दोनों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। क्या पहली पत्नी के विवाद में दूसरी पत्नी के बच्चे की बलि दी गई या इस घिनौने कृत्य के पीछे कोई और वजह है? पुलिस की जांच के बाद ही इस बेदर्द कत्ल की पूरी हकीकत सामने आ पाएगी।
