समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम सोमवार को पाकुड़ कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस कार्यालय में उनके स्वागत में सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पहले से ही मौजूद थे। तनवीर आलम के कांग्रेस भवन में पहुंचते ही जिंदाबाद के नारे लगने लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आलमगीर आलम जिंदाबाद, निसात आलम जिंदाबाद, तनवीर आलम जिंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद तनवीर आलम ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और उनके माताजी निसात आलम की जीत को लेकर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। तनवीर आलम ने कहा कि मेरी माता जी की जीत में आप सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की है। आपकी मेहनत के बदौलत ही ऐतिहासिक जीत मिली है। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। निश्चित रूप से आप धन्यवाद के पात्र हैं। आपने जिस तरह से कांग्रेस और मेरी माता जी को जीत दिलाने के लिए दिन रात मेहनत की, मैं आपके इस मेहनत का हमेशा आभारी रहूंगा। आपके सुख-दुख में हर घड़ी साथ खड़ा रहूंगा। आपके साथ किसी भी तरह की विपत्ति आने पर मैं आपके कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ा रहूंगा। तनवीर आलम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को आप कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच रखा। आपने जनता के भरोसे को जीतने का काम किया। निश्चित रूप से आप क्षेत्र में जनता की समस्याओं से अवगत होते रहेंगे। आम जनता की समस्याओं का समाधान भी आपको करना होगा। तनवीर आलम ने कहा कि किसी भी तरह की समस्या हो तो मुझे जानकारी दें। मैं उन समस्याओं को तुरंत समाधान करने का काम करूंगा। तनवीर आलम ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होती है। अगर कार्यकर्ता नहीं होंगे, तो संगठन का कोई वजूद ही नहीं रहेगा। आपने कांग्रेस के संगठन को मजबूती के साथ खड़ा किया है। मैं इसके लिए भी सभी का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं और उम्मीद करता हूं कि आने वाले दिनों में भी आप कांग्रेस के साथ खड़े रहेंगे।