विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़- हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रथ यात्रा के पावन अवसर पर पाकुड़ के ऐतिहासिक रथ मेला मैदान में भव्य रथ मेला का आयोजन किया जा रहा है। मेला का विधिवत उद्घाटन आगामी 16 जुलाई (गुरुवार) सुबह 10:00 बजे किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन

मेला संचालक काजल शाह एवं अविनाश यादव ने बताया कि इस वर्ष मेले को और अधिक आकर्षक बनाया गया है। बच्चों से लेकर बड़ों तक के मनोरंजन के लिए जलपरी शो, विशाल नव ब्रेक डांस झूला, ड्रैगन ट्रेन, जादू शो सहित कई मनोरंजक आकर्षण उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल एवं अन्य राज्यों से आए व्यापारियों द्वारा विभिन्न प्रकार के घरेलू एवं सजावटी सामानों की दुकानें भी लगाई गई हैं, जहां लोग अपनी पसंद की वस्तुओं की खरीदारी कर सकेंगे। मेले में खान-पान की भी विशेष व्यवस्था की गई है। यहां भोले चाट, मसाला डोसा, गुपचुप, आइसक्रीम सहित कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानें लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेला व्यवस्थापक सुजीत सरकार ने बताया कि उद्घाटन समारोह में पाकुड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, नगर परिषद अध्यक्ष साबरी पाल तथा प्रख्यात समाजसेवी सुरेश अग्रवाल फीता काटकर मेले का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से परिवार सहित मेले में शामिल होने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि मेले में स्वयंसेवकों (वालंटियर) की विशेष टीम तैनात रहेगी, जो पूरे आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था पर नजर रखेगी। साथ ही पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाकर किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आयोजन समिति ने मेले में आने वाले लोगों से अपील की है कि वे परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फैलाएं, अपने छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा भीड़भाड़ के दौरान सतर्क रहें। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़े करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

