Homeपाकुड़वन महोत्सव पर डीसी व डीएफओ ने दिया पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण...
Maqsood Alam
(News Head)

वन महोत्सव पर डीसी व डीएफओ ने दिया पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत मंझलाडीह पंचायत के अंगुठिया ग्राम में 77वां वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडु, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं पौधे में पानी डालकर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने पौधारोपण किया तथा जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष का स्वरूप देने की अपील की।

पेड़ केवल पेड़ नहीं, बल्कि पूरा पारिस्थितिकी तंत्र है: उपायुक्त

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि एक पेड़ केवल पेड़ नहीं होता, बल्कि अपने आप में एक पूरा पारिस्थितिकी तंत्र होता है। मनुष्य, पक्षी, जीव-जंतु एवं कीट-पतंगे सभी किसी न किसी रूप में पेड़ों पर निर्भर रहते हैं। पेड़ प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण तक सीमित न रहे, बल्कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसे बच्चे की तरह पाल-पोसकर बड़ा करने का संकल्प ले।उन्होंने नीम, जामुन, आम, कटहल, महुआ सहित स्थानीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय पौधारोपण के लिए अनुकूल है। पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं देखभाल करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जंगल एवं पेड़ मिट्टी के कटाव को रोकने, पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जंगल बचेंगे तभी जल स्रोत सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। सड़क, खनन एवं अन्य विकास परियोजनाएं आवश्यक हैं, लेकिन इसके साथ अधिक से अधिक पौधारोपण एवं उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं एवं जिलेवासियों से अपील की कि पौधारोपण को केवल एक दिन का कार्यक्रम न बनाकर इसे निरंतर अभियान के रूप में अपनाएं और पाकुड़ को और अधिक हरा-भरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सहभागी बनें।

वन महोत्सव सामाजिक दायित्व एवं जिम्मेदारी का प्रतीक: डीएफओ

वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा ने कहा कि वन महोत्सव को केवल एक दिवसीय कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व एवं जिम्मेदारी के रूप में देखना चाहिए। केवल पौधा लगाकर तस्वीर खिंचवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे को संरक्षित कर वृक्ष का स्वरूप देना हमारा संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में वन महोत्सव आयोजित करने का उद्देश्य आम लोगों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। निजी भूमि पर लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति भी लोगों को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने सभी से इस बरसात में कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

वन महोत्सव को गांव-गांव तक ले जाना सराहनीय पहल: जिला परिषद उपाध्यक्ष

जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत ने कहा कि वन महोत्सव के माध्यम से पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाना सराहनीय पहल है। उन्होंने उपायुक्त मेघा भारद्वाज की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों के साथ संवाद स्थापित कर पौधारोपण करने से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी विरासत है। निजी भूमि पर लगाए गए पौधों को अपनी जिम्मेदारी एवं संपत्ति समझकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं सामग्री का वितरण किया गया। वन विभाग की ओर से रेस्क्यू किट, महुआ नेट, प्रखंड सह अंचल कार्यालय से मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र, वीबीजीरामजी के मजदूरों को टोकरी एवं कुदाल का वितरण, जाति , निवास प्रमाण पत्र, साइकिल एवं श्रम कार्ड सहित अन्य लाभ प्रदान किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments