समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) की तैयारियों को गति देने के लिए परिसदन सभागार में बुधवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता रांची से आए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव (मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग) के. रवि कुमार ने की। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज के साथ तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) मुख्य रूप से उपस्थित थे। एसआईआर पर समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अब तक हुई प्रगति का ब्योरा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने समयबद्धता और सटीकता पर जोर देते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गंभीरता और शुद्धता के साथ निष्पादित करने का निर्देश दिया। एसआईआर कार्यों में पारदर्शिता पर जोर देते हुए उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सजग रहने की हिदायत दी। उन्होंने जिले में अब तक किए गए पुनरीक्षण कार्यों और भावी कार्य योजनाओं का बारीकी से आंकलन किया। अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ तय सीमा के भीतर पूरा करें। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से ना छूटे और सभी विसंगतियों को समय रहते दूर करें।

