कुंदन रविदास@समाचार चक्र
हिरणपुर। बारिश के बाद पीएम श्री बालक मध्य विद्यालय परिसर में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। विद्यालय परिसर में पानी जमा रहने से विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी के बीच से होकर विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी हो रही है।जलजमाव के कारण विद्यालय परिसर में आवागमन प्रभावित होने के साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता है। स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने संबंधित विभाग से विद्यालय परिसर में जमा बारिश के पानी की समुचित निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, इसलिए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
दो दिनों से बिजली भी थी बाधित—
इधर, विद्यालय में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी हो रही थी। इस संबंध में पत्रकार द्वारा सवाल किए जाने के बाद तत्काल बिजली मिस्त्री को बुलाया गया और विद्यालय की बिजली व्यवस्था बहाल करा दी गई। बिजली आपूर्ति शुरू होने से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राहत की सांस ली।अब विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की ओर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की नजर है। उनका कहना है कि बच्चों के बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए विद्यालय परिसर को जलजमाव मुक्त रखना बेहद जरूरी है।
