समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा और झामुमो के जुझारू नेता रहे स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती पर गुरुवार को झामुमो जिला इकाई की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।धनुषपूजा स्थित जिला झामुमो कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा-दुर्गा सोरेन का योगदान अविस्मरणीय—
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि दुर्गा सोरेन झारखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी योद्धाओं में रहे।उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गरीबों, मजदूरों,वंचितों और झारखंडी अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज हमेशा मुखर रही।उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन का जीवन संघर्ष,साहस और समर्पण का प्रतीक था।झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।उनके विचार और संघर्ष आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को जनहित के लिए काम करने की प्रेरणा देते हैं।
जिलाध्यक्ष के बाद कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि—
सबसे पहले जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने दुर्गा सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने दुर्गा सोरेन के संघर्ष और संगठन के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प भी व्यक्त किया।
संगठन और झारखंडी अस्मिता के लिए समर्पित रहा जीवन—
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दुर्गा सोरेन की पहचान एक जुझारू, बेबाक और निडर नेता के रूप में रही। उन्होंने आम लोगों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाया और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष किया।कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, जिला सह सचिव जहूर आलम,नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह,नगर सचिव नूर आलम,पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख,हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी,बुद्धिजीवी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह,इस्माईल शेख, जाकिर हुसैन,मोबारक हुसैन समेत दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
