समाचार चक्र संवाददाता
हिरणपुर– बच्चों और युवाओं में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, हिरणपुर की ओर से मंगलवार की संध्या ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सवाल-जवाब के रोमांचक दौर में प्रतिभागियों ने अपनी जानकारी, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का उद्घाटन पाकुड़ के अधिवक्ता विनय कुमार, महेशपुर के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी किशन भगत, हिरणपुर प्लस टू उच्च विद्यालय के शिक्षक रूपेश कुमार, पंकज कुमार मिश्रा, अरुण कुमार, उत्तम कुमार तथा पूजा समिति के उपाध्यक्ष राधेश्याम रविदास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विभिन्न वर्गों में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी-—
विज्ञापन
प्रतियोगिता के कक्षा एक से पांच तक के वर्ग में आरव भगत ने प्रथम, तिथि ने द्वितीय और आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा छह से आठ तक के वर्ग में अंकित प्रथम, अरिजीत द्वितीय और तृप्ति तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा नौ से 12 तक के वर्ग में जियो ने प्रथम, पियूष ने द्वितीय और देव ने तृतीय स्थान हासिल किया।वहीं, एक अन्य वर्ग में नमन ने प्रथम, अंश ने द्वितीय और जय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओपन चैलेंज प्रतियोगिता में राज प्रथम, कौशिक द्वितीय और राजीव पंडित तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल—
सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति का यह आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ ज्ञानवर्धक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने की पहल रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के संजय साह, पार्थो सील, जितेंद्र दास, कुंदन, सिरोजित मंडल, दीपक भगत सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
