समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। पाकुड़ क्रिकेट एसोसिएशन (पीडीसीए) पर लगाए गए वित्तीय गड़बड़ी और लापरवाही के तमाम आरोपों को एसोसिएशन के सचिव प्रणय तिवारी ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। मंगलवार को एक प्रेसवार्ता का आयोजन कर उन्होंने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया और इसके पीछे की असली वजह का भी पर्दाफाश किया। उन्होंने कहा कि रांची में खेले गए इंडिया-वेस्टइंडीज मैच के पास नहीं मिलने पर साजिश रची गई। प्रणय तिवारी ने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन पर आरोप लगाने वाले अर्जुन सिंह और बिलाल शेख का पाकुड़ क्रिकेट एसोसिएशन से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। पाकुड़ में क्रिकेट के विकास में इनका कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि ये लोग रांची के जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मैच के लिए पास (टिकट) मांग रहे थे, जो कि संभव नहीं हो पाया। इसी बात की भड़ास निकालते हुए वे बेबुनियाद और मनगढ़ंत आरोप लगाकर एसोसिएशन की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
पाकुड़ क्रिकेट की उपलब्धियां और पारदर्शिता
विज्ञापन
प्रेसवार्ता के दौरान सचिव प्रणय तिवारी ने पाकुड़ क्रिकेट को एक बड़े मंच पर पहचान दिलाने और स्थानीय युवा खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर आगे बढ़ाने की अपनी उपलब्धियों को भी साझा किया। कहा कि एसोसिएशन हमेशा से स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। रजिस्ट्रेशन शुल्क और स्टेडियम के रखरखाव को लेकर लगाए गए सारे आरोप निराधार और तथ्यहीन हैं। मीडिया में चल रहे वीडियो क्लिप्स, जिनमें अर्जुन सिंह और बिलाल शेख आरोप लगाते नजर आ रहे हैं, उन्हें एसोसिएशन की साख गिराने का एक प्रायोजित प्रयास बताया गया है।
