सामचार चक्र संवाददाता
पाकुड़– दुर्गापूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शारदीय नवरात्र की महाषष्ठी के अवसर पर शुक्रवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में पाकुड़ शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। बस स्टैंड से गांधी चौक तक पैदल मार्च कर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
सड़क पर उतरा प्रशासन,सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा—
विज्ञापन
फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस बल की तत्परता, आपसी समन्वय और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की क्षमता का आकलन किया। प्रशासन के अनुसार, फ्लैग मार्च के साथ मॉक ड्रिल और अभ्यास भी किए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी—
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि दुर्गापूजा,दशहरा,दीपावली और प्रतिमा विसर्जन सहित आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तैयारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।वहीं,एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि जिले के संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की।

शांति बनाए रखने में आम लोगों की भी जिम्मेदारी—
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी भ्रामक सूचना को बिना पुष्टि के साझा नहीं करने का आग्रह किया।फ्लैग मार्च के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी पाकुड़, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।

