Homeपाकुड़सदर अस्पताल की व्यवस्था पर कांग्रेस का सवाल,दोबारा निरीक्षण कर तैयार होगी...
Maqsood Alam
(News Head)

सदर अस्पताल की व्यवस्था पर कांग्रेस का सवाल,दोबारा निरीक्षण कर तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट

जिला अध्यक्ष कुमार सरकार उर्फ बोलाई सरकार का पलटवार,बोले-कमियां मिलीं तो मुख्यमंत्री,स्वास्थ्य मंत्री और विधायक से करेंगे शिकायत

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़।सदर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के भीतर उठे बयानों के बीच जिला अध्यक्ष श्री कुमार सरकार उर्फ बोलाई सरकार ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में सब कुछ ठीक-ठाक होने का दावा वास्तविक स्थिति की पूरी तस्वीर पेश नहीं करता।उन्होंने अरदेंधु शेखर गांगुली के निरीक्षण के बाद सोशल मीडिया पर प्रसारित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल का निरीक्षण कर कई कमियां पाई थीं,जिन्हें सिविल सर्जन और अस्पताल के उपाधीक्षक के समक्ष रखा गया था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वाहवाही करने के बजाय मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत तथा जमीनी निरीक्षण के आधार पर अस्पताल की व्यवस्था का आकलन होना चाहिए।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि माननीय विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम के निर्देश पर पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान सामने आई कमियों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया,जहां उनके शीघ्र समाधान का भरोसा मिला।अब कांग्रेस जल्द ही दोबारा अस्पताल का निरीक्षण करेगी,ताकि यह पता लगाया जा सके कि समस्याओं का समाधान हुआ है या नहीं।

कमियां मिलीं तो उच्च स्तर पर उठेगा मामला—

विज्ञापन

dronakids

श्रीकुमार सरकार ने कहा कि दोबारा निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था बेहतर पाई गई तो कांग्रेस इसकी सराहना करने से पीछे नहीं हटेगी। लेकिन यदि कमियां बरकरार रहीं,तो इसकी लिखित शिकायत मुख्यमंत्री,स्वास्थ्य मंत्री और संबंधित विधायक से की जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक टीम गठित कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तार से आकलन किया जाएगा और रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

गरीब मरीजों के इलाज का उठाया मुद्दा—

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मुख्य रूप से गरीब और जरूरतमंद लोग इलाज कराने पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बार-बार मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजे जाने की शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा कि जब सरकार की ओर से अस्पतालों को संसाधन और पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाती है, तो मरीजों को बेहतर इलाज मिलना चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के हितों और उनके अधिकारों के लिए काम करती है। इसलिए अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मिलने वाली शिकायतों की अनदेखी नहीं की जा सकती। पार्टी का उद्देश्य किसी की आलोचना करना नहीं, बल्कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं दिलाना है।

सोशल मीडिया के दावों के बजाय जमीनी हकीकत पर जोर—

अरदेंधु शेखर गांगुली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीकुमार सरकार ने कहा कि सोशल मीडिया पर अस्पताल की व्यवस्थाओं की प्रशंसा कर देने भर से वास्तविक स्थिति बेहतर साबित नहीं होती। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत तथा उपलब्ध सुविधाओं की पड़ताल के बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी।उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने कार्यों को लेकर अरदेंधु शेखर गांगुली को कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी है और उनके बयान को कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक पक्ष नहीं माना जाना चाहिए।अब सबकी नजर कांग्रेस के प्रस्तावित अगले निरीक्षण पर है। यह निरीक्षण तय करेगा कि पहले उठाई गई कमियों का कितना समाधान हुआ है और मरीजों को अस्पताल में किस स्तर की सुविधाएं मिल रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments