विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी में पत्थर खदान संचालन को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद फायरिंग मामले में दो युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के छह दिन बाद पुलिस को यह पहली सफलता मिली है। पुलिस मामले में अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ डीएन आजाद ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में गिरफ्तारी को लेकर प्रेस कांफ्रेंस किया। उन्होंने बताया कि दो युवक उनसारुल शेख उर्फ अरुण और दिलवर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को बेलपहाड़ी स्थित अजहर इस्लाम के खदान संचालन को लेकर झड़प हुई थी जिसमें लाठी-डंडा और पिस्तौल से लैस होकर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करने, जान से मारने की नीयत से मारपीट कर जख्मी कर देने तथा हथियार लहराते हुए फायरिंग करने के आरोप लगे हैं। घटना को लेकर हिरणपुर थाना कांड संख्या 105/2025 दर्ज किया गया है। यह कांड धारा 190,191 (2), 115 (2), 118 (1), 324, 79, 352, 351 (2), 351 (3), 109, 288, 125 ए (बी) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट तथा 4 (ए) (1) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 के तहत दर्ज किया गया है। इस कांड के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्य के आधार इस कांड में संलिप्त अप्राथमिकी अभियुक्त दोनों युवक को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांचकी गांव का रहने वाला है। एसडीपीओ डीएन आजाद ने बताया कि छापेमारी दल में हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, हिरणपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सह अनुसंधानकर्ता गोपाल कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक गौरी शंकर प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार, तकनीकी शाखा के पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार झा, हिरणपुर थाना के सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार, सहायक अवर निरीक्षक किशोर कुमार टुडू, सहायक अवर निरीक्षक सनातन मांझी, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश उरांव एवं हिरणपुर थाना के रिजर्व गार्ड को शामिल किया गया था।
विज्ञापन

विज्ञापन

क्या है मामला
हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी गांव में पत्थर व्यवसाई से नेता बने अजहर इस्लाम का खदान और क्रेशर संचालित हो रहा था। ग्रामीणों ने 25 अक्टूबर को यह कहकर क्रेशर और खदान का संचालन बंद करने पहुंचा कि पत्थर खदान में भारी ब्लास्टिंग से उन्हें नुकसान पहुंच रहा है। घरों में पत्थर के टुकड़े गिर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना था कि उस दिन तो क्रेशर बंद कर दिया गया, अगले दिन रविवार को अजहर इस्लाम दलबल के साथ लाठी-डंडा, पिस्तौल लेकर पहुंचे और क्रेशर को जबरदस्ती चालू करा दिया। इसका विरोध करने पर ग्रामीणों को जान से मारने की नीयत से मारपीट करने लगा। पिस्तौल निकाल कर फायरिंग की गई। जिससे डरकर सभी ग्रामीण वहां से भाग निकले। इस घटना के बाद पुलिस रेस हो गई। प्रशासन ने भी अजहर इस्लाम के खदान और क्रेशर को सील कर दिया। इस घटना से जुड़ी वायरल वीडियो भी खूब वायरल हुए। एक वीडियो ने तो तहलका ही मचा दिया है। यह वीडियो घटना के दिन का ही बताया जा रहा है। हालांकि अखबार इसकी पुष्टि नहीं करती है। लेकिन वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह उसी दिन की घटना का वीडियो है। जिसमें काफी संख्या में लोग दिख रहे हैं। अधिकतर लोगों के हाथों में लाठी डंडे तो है ही, एक युवक को हवा में पिस्तौल लहराते देखा जा सकता है।

